
नाचना जमीन घोटाले के संबंध में पड़ताल
जैसलमेर. जिले के नाचना उपनिवेषन क्षेत्र में बीते वर्षों हुए जमीन घोटाले की जांच में भ्रष्टाचार निरोध ब्यूरो (एसीबी) जोधपुर की टीम गुरुवार को जुटी रही। टीम ने जैसलमेर स्थित ब्यूरो कार्यालय में वर्तमान में नाचना उपनिवेशन उपायुक्त मोहनदान रतनू को बुलाकर उनसे अनुसंधान किया। इस मामले में ब्यूरो में पिछले अर्से मुकदमा दर्ज कर विभिन्न स्तरों पर जांच की जा रही है।यह मामला करोड़ों रुपए के लेन-देन से 45 हजार बीघा जमीन के आवंटन से जुड़ा हुआ है। इस मामले में तत्कालीन उपायुक्त अरुण प्रकाश शर्मा और उनके सहायक सुआलाल को मुख्य आरोपी बनाया गया है। ये दोनों अभी तक फरार हैं और उनकी तलाश में जुटे ब्यूरो के हाथ अभी तक खाली हैं।
प्रकरणों के बारे में ली जानकारी
जानकारी के अनुसार ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को नाचना उपनिवेशन उपायुक्त मोहनदान को बुलाकर उनसे अरुण प्रकाष शर्मा के कार्यकाल में किए गए विशेष आवंटन तथा वादों के जरिए किए गए जमीन के आवंटन के बारे में अनुसंधान किया गया। जानकारी के मुताबिक ब्यूरो इस संबंध में लगातार जांच कार्य जारी रखेगा। गौरतलब है कि जैसलमेर जिले के नाचना उपनिवेशन क्षेत्र में 2014 से 2016 के बीच किए गए जमीनों के आवंटन लगातार सुर्खियों में रहा तथा उनकी व्यापक शिकायतें राज्य सरकार और एसीबी के पास पहुंची। बाद में एसीबी ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। एसीबी के एसपी अजय लांबा के निर्देशन में टीम प्रभारी अनिल शर्मा को बनाया गया है। टीम में सहायक उपनिरीक्षक चेतनराम, कांस्टेबल रामकुमार सिंह और अमीन खान शामिल हैं।
नगरपरिषद में लगाया आरएएस आयुक्त
-फतेहगढ़ में भी एसडीएम पद पर पदस्थापन
जैसलमेर. जैसलमेर नगरपरिषद में एक बार फिर राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को आयुक्त पद पर राज्य सरकार ने नियुक्ति दी है। कार्मिक विभाग ने गुरुवार को 31 आरएएस अधिकारियों के तबादले किए, जिनमें पवन कुमार को परिषद में आयुक्त तथा सुमन सोनल को फतेहगढ़ में उपखंड अधिकारी लगाया है। गौरतलब है कि जैसलमेर नगरपरिषद में कई महीनों पहले आरएएस अधिकारी चेतन चौहान को आयुक्त के पद पर लगाया था, लेकिन किन्हीं कारणों से उन्होंने यहां कार्यभार ग्रहण नहीं किया और झब्बरसिंह चौहान लगातार इस पद पर कार्य करते रहे हैं। बीते दिनों चौहान एक दिन के लिए यहां आए और उसी रोज उनका स्थानांतरण जिला परिषद जैसलमेर में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद पर कर दिया गया। फतेहगढ़ में उपखंड अधिकारी का पद पिछले कई महीनों से एवजी अधिकारी के भरोसे चल रहा था।
Published on:
28 Sept 2018 06:49 pm
