जैसलमेर

‘शहादत को सलाम’ मानव शृंखला कल, जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना

सेक्टर व जोनल अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य सम्पादित करें -प्रभारी सचिव
2 min read
Aug 13, 2018
sahadat ko salaam' human chain tomorrow in jaisalmer
‘शहादत को सलाम’ मानव शृंखला कल, जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना

जैसलमेर. देशभक्ति से ओतप्रोत शहादत को सलाम -मानव शृंखला का आयोजन बीकानेर से सटी जैसलमेर की सीमा 1080 आरडी-भारमसर -शक्तिनगर से शुरू होकर यह मानव श्रृंखला मदासर, चिन्नू, अवाय, नाचना, मोहनगढ़, काणोद, हमीरा, जैसलमेर शहर, डाबला, देवीकोट, सांगड़, फतेहगढ़, बींजसड़. व बाड़मेर सीमा तक लगभग 260 किलोमीटर की होगी। जिले के प्रभारी सचिव हेमन्त गेरा ने मानव शृंखला के आयोजन के लिए नियुक्त जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें जो सैक्टर एवं जोनल आवंटित किया गया है, उसमें वे जिम्मेदारी के साथ कार्य सम्पादित करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने सेक्टर के दायरे में 14 अगस्त को प्रात: समय पर पहुंच कर मानव शृंखला का आयोजन करवाना है, वहीं अपने-अपने सेक्टर के लिए बसों के माध्यम से लोगों को उनके क्षेत्र में पडऩे वाले लोगों को भी लाने की व्यवस्था करनी है। जिला प्रभारी सचिव गेरा ने डी.आर.डी.ए.सभागार में आयोजित सेक्टर एवं जोनल अधिकारियों की बैठक में यह बात कही। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को सोमवार को ही अपने सेक्टर का भ्रमण कर सभी व्यवस्थाएं देखने और पुन: दोपहर तक जिला मुख्यालय पर पहुंच कर झंडियां, गुब्बारे, टीशर्ट, केप के साथ ही खाद्य सामग्री के पैकेट्स साथ लाने को कहा। जिला कलक्टर ओम कसेरा ने कहा कि इस मानव शृंखला के लिए 5-5 कि.मी. के दायरे में सैक्टर ब्लॉक एवं 1-1 कि.मी. के दायरे में सब सेक्टर ब्लॉक व 20-20 कि.मी. के दायरे में जोनल ब्लॉक बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार 47 सेक्टर अधिकारी व 13 जोनल अधिकारी नियुक्त किए गए है। उन्होंने इन अधिकारियों को 14 अगस्त को दोपहर 12 से 1 बजे तक आयोजित होने वाली शहादत को सलाम -मानव शृंखला से पूर्व जो भी कार्य संपादित करने है, वे समय पर संपादित करें और उसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें। उन्होंने बताया कि बसों एवं अन्य सामग्री के सम्बन्ध में सभी व्यवस्थाएॅं समय पर उपलब्ध करवा दी जाएगी।

जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना
जैसलमेर. जैसलमेर में शहादत को सलाम -मानव शृंखला के संबंध में अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय जैसलमेर में स्थित दूरभाष संख्या 02992-251621 पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए गोपाललाल स्वर्णकार सचिव, नगर विकास न्यास जैसलमेर को प्रभारी अधिकारी लगाया गया है, वहीं जितेन्द्र शर्मा एसीपी ,सूचना एवं प्रौद्योगिकी जैसलमेर को सहायक प्रभारी अधिकारी लगाया है। यह नियंत्रण कक्ष राउण्ड दी क्लॉक कार्य करेगा तथा इसमें तैनात कर्मचारी सूचनाओं का इन्द्राज कर अविलम्ब प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी को अवगत कराएंगे।

Published on:
13 Aug 2018 12:14 pm