जैसलमेर

सम्यक चातुर्मास कृतज्ञता दिवस के साथ पूर्ण, साध्वी मंडल का विहार आरंभ

जैसलमेर. शहर के महावीर भवन प्रांगण में साध्वी प्रशमिता महाराज, साध्वी अर्हमनिधि महाराज, साध्वी परमप्रिया महाराज और साध्वी अर्पणनिधि महाराज के सान्निध्य में चार माह से चल रहा सम्यक चातुर्मास कृतज्ञता दिवस के साथ पूर्ण हुआ।

2 min read
Nov 16, 2025

जैसलमेर. शहर के महावीर भवन प्रांगण में साध्वी प्रशमिता महाराज, साध्वी अर्हमनिधि महाराज, साध्वी परमप्रिया महाराज और साध्वी अर्पणनिधि महाराज के सान्निध्य में चार माह से चल रहा सम्यक चातुर्मास कृतज्ञता दिवस के साथ पूर्ण हुआ। सकल जैन संघ और जैन ट्रस्ट जैसलमेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चातुर्मास में विविध धार्मिक आयोजन हुए। प्रवक्ता पवन कोठारी ने बताया कि संघ ने इन चार महीनों में गुरुवैय्यावच, धर्म आराधना, देवदर्शन-वंदन और तपस्या जैसे कार्यों से जो आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया, उसी के प्रति आभार प्रकट करने के लिए कृतज्ञता दिवस आयोजित हुआ। कार्यक्रम में संघ के गणमान्य सदस्यों ने वर्षावास के अनुभव साझा किए और साध्वी मंडल से पुन: जैसलमेर में चातुर्मास करने का आग्रह किया।

साध्वी प्रशमिता महाराज ने कहा कि संपूर्ण चातुर्मास ज्ञान और तप की प्रभावना से परिपूर्ण रहा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संघ ज्ञान-संस्कार वाटिका का बारह माह कुशल संचालन करेगा। उन्होंने महिलाओं को महावीर भवन में सामूहिक पूजन, सामायिक और प्रतिक्रमण को नियमित रूप से अपनाने की प्रेरणा दी। साध्वी अर्हमनिधि महाराज ने कहा कि आगमन-प्रस्थान सृष्टि की निरंतर प्रक्रिया है, परंतु यह वर्षावास कब बीत गया, पता ही नहीं चला। उन्होंने बताया कि साध्वी अर्पणनिधि महाराज की दीक्षा के बाद प्रथम चातुर्मास का सौभाग्य जैसलमेर संघ को मिला। साध्वी परमप्रिया महाराज ने कहा कि साधु जीवन में सुख-दुख में समभाव रखना आवश्यक है, पर जैसलमेर संघ का वात्सल्य और स्नेह अविस्मरणीय है। साध्वी अर्पणनिधि महाराज ने भजन प्रस्तुत कर अपने भाव व्यक्त किए।

संघ का भावुक क्षमायाचन

सकल जैन संघ ने भीगी आंखों से ज्ञात-अज्ञात सभी भूलों के लिए साध्वी मंडल से क्षमायाचना की। बच्चों और बड़ों ने अपने उद्गार साझा करते हुए पुन: जैसलमेर में चातुर्मास और चादर महोत्सव के आयोजन का निवेदन किया। कार्यक्रम के बाद संघ का स्वामी वात्सल्य आयोजित हुआ। कार्यक्रम का संचालन अतुल जिंदाणी ने किया। आयोजन में सकल जैन संघ, चातुर्मास समिति, जैन ट्रस्ट जैसलमेर, जिनकुशल युवा मंडल, महिला मंडल और बालिका मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

Updated on:
16 Nov 2025 08:51 pm
Published on:
16 Nov 2025 08:50 pm
Also Read
View All

अगली खबर