
कलेक्टर व उपनिवेशन तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, मण्डाऊ वितरिका का मामला
मोहनगढ़(जैसलमेर). मण्डाऊ वितरिका के चक नंबर एक में बने आम रास्ते को कथित तौर पर बंद किए जाने से नाराज यहां के निवासियों की ओर से जिला कलेक्टर व उपनिवेषन तहसीलदार मोहनगढ़ बी को भी ज्ञापन सौंपकर आम रास्ता खुलवाने की मांग की गई। उपिनवेशन तहसीलदार मोहनगढ़ बी को सौंपे ज्ञापन में खेर मौहम्मद, शेर मोहम्मद, जुसब खां, आभास खां, अमीना आदि ने बताया कि मण्डाउ वितरिका ‘ए’ के चक नंबर एक में आने जाने के लिए आम रास्ता बना हुआ है। इस रास्ते पर तारबंदी कर बंद कर दिया। अब आने जाने के रास्ते नहीं होने के कारण यहां के निवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
कम वॉल्टेज के चलते ग्रामीण परेशान
मोहनगढ़ कस्बे के कई मोहल्लों में गत कई वर्षों से बिजली के कम वॉल्टेज की आपूर्ति होने के चलते लोग परेशान हो रहे है। कई मोहल्लों में गत दो सप्ताह से बिजली के कम वॉल्टेज की समस्या बनी हुई है। मोहनगढ़ के उतरी हिस्से में आए लोहिया पाड़ा, ताड़ाना मेघवाल बस्ती, मुस्लिम मोहल्ला, सुथार मोहल्ला के अलावा अन्य इलाकों में कम वॉल्टेज में बिजली की आपूर्ति होने से भीषण गर्मी में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तालाब के आगोर से अतिक्रमण हटाया जाए
रामदेवरा. क्षेत्र के सादा गांव में ग्रामीणों ने कथित तौर पर तालाब में किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव में स्थित तालाब में बारिश के पानी का संग्रहण होता है तथा यह पानी ग्रामीणों व मवेशी के लिए उपयोग होता है। तालाब के आगोर में कुछ लोगों की ओर से पत्थर डालकर व पक्का निर्माण करवाकर अतिक्रमण किया जा रहा है। ऐसे में तालाब में पानी की आवक प्रभावित होने व पानी नहीं आने से ग्रामीणों व मवेशी के लिए पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
पानी की समस्या से जूझता मूलाना
मूलाना गांव के बाशिंदों की पानी को लेकर समस्याएं अभी भी जस की तस बनी हुई है। पानी के उचित प्रबंधन नहीं होने से भीषण गर्मी में कुए व तालाब सूख चुके हैं। सरकारी ट्यूवेल खराब होने से ग्रामीणों को पीने का पानी मुहैया नहीं हो रहा है। मूलाना सरपंच बलवंतसिंह व शैतानसिंह मूलाना बताते हैं कि ग्रामीणों ने विधायक को पूर्व में भी अवगत करवाया था, लेकिन अभी भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।