
रेगिस्तान की गोद में बसे में लाठी और आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा का एक मजबूत नेटवर्क विकसित हुआ है। यहां युवाओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने जल संरक्षण, पौधरोपण और गोवंश सेवा को अपना प्रमुख कार्य बना लिया है। इस तरह थार क्षेत्र में अब पर्यावरण, जल संरक्षण और गोसेवा एक संगठित जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जो लगातार विस्तार ले रहा है।
पर्यावरण प्रेमी खीयाराम विश्नोई और मांगीलाल विश्नोई लंबे समय से जंगलों के पास वन्यजीवों के लिए निःशुल्क जल व्यवस्था कर रहे हैं। गर्मी के मौसम में यह व्यवस्था कई प्रजातियों के लिए जीवनदायिनी साबित होती है। इसी तरह पंकज विश्नोई गोडावण, चिंकारा और अन्य दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण के लिए फोटोग्राफी और जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनकी तस्वीरें और कार्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
जयप्रकाश देवड़ा ने लाठी स्थित जगदंबा माता मंदिर परिसर में पौधरोपण कर एक सुंदर हरित बगीचा विकसित किया है, जो अब स्थानीय लोगों के लिए प्रेरणा बन चुका है। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सुमेरसिंह भाटी ने देगराय ओरण क्षेत्र में जल कुंड बनाकर वन्यजीवों के लिए पेयजल की स्थायी व्यवस्था की है। इसी तरह गोपालसिंह भाटी, जितेन्द्र सिंह राठौड़ और थानाराम भील भादरिया गोशाला में घायल गोवंश की सेवा में सक्रिय हैं।
जैसलमेर जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत बड़ाबाग में जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल का आयोजन किया। कलक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही उनके प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अवास योजनाओं, कचरा निस्तारण, अवैध कब्जों एवं पट्टा संबंधी विभिन्न समस्याओं और मांगों को कलक्टर के समक्ष रखा। अनुपमा जोरवाल ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की एवं समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। पेयजल आपूर्ति की परेशानियों पर विकास अधिकारी व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत संबंधी शिकायतों पर डिस्कॉम अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश किए। कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी कैशव चंद मीणा, नगर परिषद आयुक्त लजपालसिंह सोढ़ा सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।