जैसलमेर

रामनाम के रंग में सराबोर हुई स्वर्ण नगरी, शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का ज्वार

विश्व हिंदू परिषद और रामनवमी महोत्सव समिति के तत्वावधान में निकली शोभायात्रा ने पूरे शहर को रामनाम के रंग में रंग दिया
less than 1 minute read
Apr 06, 2025
jsm

स्वर्णनगरी रविवार को राममय हो उठी। विश्व हिंदू परिषद और रामनवमी महोत्सव समिति के तत्वावधान में निकली शोभायात्रा ने पूरे शहर को रामनाम के रंग में रंग दिया। सुबह पूनमसिंह स्टेडियम से आरंभ हुई यात्रा में हजारों की संख्या में रामभक्तों ने भाग लिया। सजी-धजी झांकियों, भगवा पताकाओं और जय श्रीराम के जयघोष से शहर की गलियां गुंजायमान हो उठीं। स्कूलों, बस्तियों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से बनाई गई झांकियों में भारत माता, रामलला, राम दरबार, वानर सेना, कलश यात्रा और मातृशक्ति के स्वरूप शामिल थे। शोभायात्रा से पूर्व स्टेडियम में धर्मसभा आयोजित हुई। संत बाल भारती महाराज, भगवान भारती महाराज और मुख्य अतिथि पूर्व राजघराने से रासेश्वरी राज्यलक्ष्मी की उपस्थिति में प्रभु श्रीराम के जीवन आदर्शों पर उद्बोधन हुआ। वक्ता स्वरूपदान ने कहा कि श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है। मुख्य अतिथि रासेश्वरी राज्य लक्ष्मी ने मर्यादा पुरुषोत्तम राम को आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस वर्ष की विशेष झांकी च्महाकालज् रही, जिसे जयपुर से आए कलाकारों ने प्रस्तुत किया। इसमें हैरतअंगेज करतब देख लोग दंग रह गए। वहीं छावा फिल्म आधारित झांकी और उदयपुर से आए शौर्यवीर दल ने अपने अद्भुत करतबों से दर्शकों का मन मोह लिया। शोभायात्रा हनुमान चौक, गांधी चौक, भाटिया मार्केट, गोपा चौक होते हुए गड़ीसर चौराहे पर सम्पन्न हुई। मार्ग में विभिन्न समाजों की ओर से पुष्पवर्षा, पेय जल वितरण और स्वागत द्वारों से श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। विधायक छोटूसिंह, पूर्व विधायक रूपाराम, जिला प्रमुख प्रतापसिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

Updated on:
06 Apr 2025 09:11 pm
Published on:
06 Apr 2025 09:11 pm