जैसलमेर

गर्मियों में एयरपोर्ट का टूट सकता है सन्नाटा

- इस महीने के आखिर में अहमदाबाद से हवाई जुड़ाव संभव

2 min read
May 06, 2022
गर्मियों में एयरपोर्ट का टूट सकता है सन्नाटा

जैसलमेर. जैसलमेर के सिविल एयरपोर्ट से इन दिनों एक भी नियमित विमान सेवा संचालित नहीं होने के कारण गर्मियों में सन्नाटा छाया हुआ है। यह सन्नाटा इस माह के आखिर में टूट सकता है। पूर्व में जैसलमेर से अहमदाबाद के बीच नियमित विमान सेवा संचालित करने वाली एयरलाइन कम्पनी ट्रूजेट एक बार फिर मई में यह सेवा शुरू कर सकती है। यह घोषणा कम्पनी के अधिकारी ने गत दिनों अहमदाबाद में की। हालांकि अभी तक जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास इस तरह की कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। कम्पनी के अधिकारी निमेश जोशी ने इस घोषणा में बताया कि मई के अंत में अहमदाबाद से जैसलमेर के साथ कांडला, पोरबंदर, जलगांव तथा नासिक इन पांच शहरों के लिए विमान सेवा शुरू करेगी।
मिलेगी बहुत बड़ी सहूलियत
जैसलमेर से अहमदाबाद के लिए मई के आखिर में अगर ट्रूजेट की नियमित उड़ान शुरू हो गई तो यह स्वर्णनगरी के बाशिंदों के लिए बहुत बड़ी सौगात साबित हो सकती है। अहमदाबाद तक हवाई पहुंच हो जाने के बाद उनके लिए पूरा देश एक तरह से विमान और रेल सेवा के लिए खुल जाएगा। वहीं गर्मी के मौसम में वीकेंड ट्यूरिज्म भी थोड़ी बहुत रफ्तार पकड़ सकता है। टूर ऑपरेटर अखिल भाटिया ने बताया कि वर्तमान में जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट से किसी फ्लाइट का संचालन नहीं होने से लोगों को कहीं भी जाने के लिए बस या रेल मार्ग का ही सहारा है। जिसमें उनके समय की बहुत हानि हो रही है। उन्होंने बताया कि ट्रूजेट अगर अपनी घोषणा के अनुरूप गर्मियों में नियमित उड़ान शुरू करेगी तो उसे भी यात्रीभार की पूर्व की भांति कमी नहीं रहेगी। गौरतलब है कि जैसलमेर एयरपोर्ट से मार्च के आखिर में स्पाइसजेट ने दिल्ली, जयपुर की सेवाओं को बंद कर दिया था, जिसके बाद से यहां कभी कभार आने वाले चार्टर विमानों के अलावा सन्नाटा ही पसरा रहता है।

Published on:
06 May 2022 08:00 pm
Also Read
View All