जैसलमेर

इस को-ऑपरेटिव सोसायटी के मामले में दोनों पक्ष हुए आमने-सामने,लगाए ये आरोप-प्रत्यारोप

-प्रशासन और पुलिस की चौखट पर किया प्रदर्शन-आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी
2 min read
Jul 10, 2018
two sides face each other In case of saikripa Co-operative Society
इस को-ऑपरेटिव सोसायटी के मामले में दोनों पक्ष हुए आमने-सामने,लगाए ये आरोप-प्रत्यारोप

जैसलमेर. साई कृपा को-ऑपरेटिव सोसायटी में जमाकर्ताओं के करोड़ों रुपए फंसने के मामले ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया। सोसायटी के निवेशक तथा एजेंट जहां अब तक इस संबंध में पुलिस में दर्ज मामलों में कोई प्रगति नहीं होने से नाराज होकर आगामी 16 जुलाई से धरना देने का अल्टीमेटम जिला कलक्टर को देने पहुंचे तो दूसरी ओर सोसायटी के कथित कर्ता-धर्ता सुरेंद्रसिंह के बड़े भाई और कांग्रेस नेता दिनेशपालसिंह भाटी ने समर्थकों के साथ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से भेंट कर उन्हें ज्ञापन पेश किया और अपने परिवार को बदनाम करने का आरोप लगाया।

आरोप:निष्क्रिय है पुलिस और प्रशासन
सोमवार को जिला कलक्टर से मिलकर साईकृपा के निवेशकों व एजेंट्स ने उन्हें ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि साईकृपा सहित अन्य सोसायटियों में गड़बडिय़ों के संबंध में अब तक दर्जनों एफआईआर करवाई गई तथा अन्य मंचों पर भी शिकायतें की गई लेकिन पुलिस व प्रशासन निष्क्रिय बने हुए हैं। ज्ञापन में कहा गया कि अब जैसलमेर की जनता का धैर्य जवाब दे गया है। जिसके विरोध में आगामी 16 जुलाई से धरना दिया जाएगा। उन्होंने साईकृपा व मोहनकृपा के जरिए कथित तौर पर गबन करने वालों को हिरासत में लेकर गहनता से जांच की मांग की। इस मौके पर मांगीलाल भाटिया, श्यामसुंदर, देवकीनंदन शर्मा, मीनाक्षी, नंदिनी बनर्जी, श्यामा देवी, जितेंद्र, मनीषा व्यास, धर्मेन्द्र पुरोहित, कमलेश व्यास, संजय छंगाणी, भरत दैया आदि मौजूद थे।

प्रत्यारोप:छवि खराब करने की कोशिश
दूसरी ओर कांग्रेस नेता दिनेशपालसिंह सोमवार को कई लोगों को साथ लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने अतिरिक्त अधीक्षक से भेंट की और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि उनका परिवार राजनीति से जुड़ा है। उनकी छवि को खराब करने के उद्देश्य से उनके व परिवारजनों के खिलाफ पुलिस में झूठे मुकदमें दर्ज करवाए जा रहे हैं। भाटी ने कहा कि पुलिस की ओर से उनके परिवार को अनुचित ढंग से परेशान किया जा रहा है। इस मौके पर खेतसिंह, नारायणसिंह, खीमाराम, भोजराजसिंह, सादुलसिंह सोढ़ा, गोपाराम, रहमान खान, खींवराजसिंह, भूरसिंह, गेनसिंह, कंवराजसिंह, भभूतसिंह, स्वरूपसिंह आदि मौजूद थे।

Published on:
10 Jul 2018 11:28 am