
लाठी ( जैसलमेर). क्षेत्र के खेतोलाई गांव में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने एक घर के पीछे से प्रवेश कर कमरे के ताले तोड़कर तीन पेटियां चोरी की और उन्हें घर के पास स्थित बीएसएनएल टावर के पास ले जाकर खोला। पेटियों में कपड़ों के अलावा कोई कीमती सामान नहीं मिलने पर चोरों ने दूसरे व तीसरे घर में चोरी का प्रयास किया, लेकिन परिवारजनों की सजगता के चलते उन्हें वहां से भागना पड़ा। इसके बाद चोरों ने चौथे घर के पीछे लगी लोहे की जाली व खिड़की तोड़कर भीतर घुसे और करीब 30 तोला सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के आभूषण तथा एक लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद बुधवार सुबह पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस प्रशासन व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार देर रात अज्ञात चोर खेतोलाई गांव में घुसे। चोरों ने सबसे पहले रामस्वरूप पुत्र हनुमानराम विश्नोई के घर के पीछे की तरफ से प्रवेश किया। यहां एक कमरे के ताले तोड़कर कमरे में रखी तीन पेटियां चोरी कर लीं। चोर इन पेटियों को घर से कुछ दूरी पर स्थित बीएसएनएल कंपनी के टावर के पास ले गए और वहां उन्हें खोलकर देखा। पेटियों में पहनने के कपड़ों के अलावा कोई कीमती सामान नहीं मिलने पर चोरों ने उन्हें वहीं छोड़ दिया।
इसके बाद चोरों ने नींबाराम विश्नोई के घर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन परिवारजनों को भनक लगने पर चोर वहां से भाग निकले। इसके बाद उन्होंने सहीराम विश्नोई के घर में भी प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन यहां भी परिवारजनों की सजगता के चलते चोरों को सफलता नहीं मिली और वे वहां से फरार हो गए।
चोरों ने भागीरथ पुत्र बरसिगाराम जाणी के घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर के पीछे लगी लोहे की जाली और खिड़की को तोड़कर भीतर घुसे। एक कमरे के ताले तोड़कर वहां रखी तीन पेटियां चोरी कर लीं। पेटियों में करीब तीन महिलाओं के 30 तोला सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के आभूषण तथा एक लाख रुपए नकद रखे हुए थे। चोर आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।बुधवार सुबह परिजन उठे तो कमरे के ताले टूटे हुए मिले। कमरे से तीन पेटियां गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना लाठी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पोकरण वृताधिकारी बुद्धाराम विश्नोई, लाठी थानाधिकारी बगडूराम विश्नोई, सहायक उपनिरीक्षक किशनसिंह भाटी, पदमचंद गोयल तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संभावित साक्ष्यों को जुटाया।