- विहिप का जिलेभर में मनाया गया स्थापना दिवस
जैसलमेर. विश्व हिन्दू परिषद् जैसलमेर के कार्यकर्ताओं ने जिले के विभिन्न गांवों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तथा स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलामंत्री पवन वैष्णव ने बताया कि जिले के पोकरण, लवां, ऐका, वीरमदेवरा, केलावा, सुल्ताना, खींया, सोनू, मोकला, भादासार, लाणेला में आयोजित जन्माष्टमी एवं विहिप के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य वक्ता विश्व हिन्दू परिषद् के प्रांतमंत्री परमेश्वर जोशी ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण से प्रेरणा स्वरूप तत्कालीन राष्ट्र विचारकों के सानिध्य में श्रीकृष्ण जन्माष्मी के दिन विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना 1964 में महाराष्ट्र के पवई स्थित महर्षि चिन्मयानंद जी के आश्रम में हुई। उन्होंने बताया कि विश्व हिन्दू परिषद ने अपने स्थापना से ही कई बड़े कार्य अपने हाथ में लिए। हिन्दू जीवनमूल्यों की रक्षा करना, विविध संप्रदाय, जाति बिरादरियों में समन्वय स्थापित करना, धर्मांतरण तथा सामाजिक भेदभाव उन्मूलन, गोरक्षा तथा वंचित समाज के लिए सेवा के कई प्रकल्प विश्व हिंदू परिषद द्वारा देश भर में चलाए जा रहे हैं। विहिप ने हिन्दू मान बिंदुओं की रक्षा का संकल्प लेकर राम मंदिर आंदोलन देश भर में चलाया जिसकी परिणीती स्वरूप आज राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ है। विहिप प्रांत मंत्री ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के बारे में कई भ्रांतियां समाज में फैलाई जा सही है। कहा जाता है कि भगवान माखन की चोरी करते थे, लेकिन यह सत्य नहीं है। कंस के शासन में गोपालकों द्वारा संचित मक्खन कंस के पास पहुंचाना अनिवार्य था। इस प्रकार जिस पोषण का अधिकार गो पालकों के बच्चों का था, उससे कंस के आततायी राक्षस पोषित हो रहे थे। जिसका विरोध भगवान श्रीकृष्ण ने किया तथा उस पोषण स्वरूप मक्खन को ग्वाल बालकों में वितरित किया।
जोशी ने मां भारती को पुन: अखंडित बनाने, उसकी प्रतिष्ठा को पुन: विश्वभर में स्थापित करने हेतु हिन्दू समाज को संगठित होने तथा विहिप जैसे संगठन से जुड़कर सतत कार्य करने का आह्वान किया। विहिप स्थापना एवं कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रामगढ़ प्रखंड के कार्यक्रमों में विहिप जिला मंत्री पवन वैष्णव, रामगढ़ प्रखंड मंत्री मगसिंह सुल्ताना, रामगढ़ प्रखंड संयोजक भीम सिंह सोनू तथा पोकरण प्रखंड के आयोजित कार्यक्रम में विहिप जिला समरसता प्रमुख बींजराज सिंह तंवर, पोकरण नगर अध्यक्ष शिव माली, पोकरण प्रखंड मंत्री तनेराव सिंह तथा पोकरण प्रखंड संयोजक वीरम सिंह सनावड़ा साथ रहे।
पोकरण में आयोजित कार्यक्रम में प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी द्वारा नवलकिशोर छंगाणी को नगर उपाध्यक्ष, रतन वाल्मीकि बजरंग दल संयोजक, कैलाश छंगाणी को बजरंग दल नगर सहसंयोजक के दायित्व प्रदान किए गए।