कस्बे के विभिन्न गली मोहल्लों में नालियों के कचरे से अटी होने के कारण आए दिन गंदा पानी गलियों में एकत्रित हो रहा है।
मोहनगढ़. कस्बे के विभिन्न गली मोहल्लों में नालियों के कचरे से अटी होने के कारण आए दिन गंदा पानी गलियों में एकत्रित हो रहा है। इस वजह से राहगीरों व स्थानीय निवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई स्थानों पर नालियों के पूरा नहीं बनने के कारण भी गली मोहल्लों में गंदा पानी इक_ा होने लगा है। इस गंदे पानी मच्छर पैदा हो रहे है। इस वजह से बीमारियों के फैलने की आषंका बनी रहती है। दुर्गनन्धयुक्त पानी से आस- पास के निवासियों का जीना दूभर हो गया। उतरी हिस्से के निवासियों मोहम्मद रफीक, नेनाराम, जगदीश सिंह, मनोहर सिंह, गोविन्द, सुनिल कुमार आदि ने बताया कि कस्बे के उतरी हिस्से में आए लोहिया पाड़ा व भील बस्ती में नालियों से कचरा नहीं निकालने के कारण नालियां कचरे से अटी पड़ी है। जिसकी वजह से नालियों का गंदा पानी गालियों में ही बिखरा पड़ा है। इस वजह से आसपास के निवासियों का जीना दूभर हो गया है। सता की कोटड़ी के पास नालियां भी कचरे से अटी पड़ी है, वहीं कई स्थानों पर नालियों का पूरा निर्माण भी नहीं करवाया गया है। इस वजह से गंदा पानी घरों के पास ही इक_ा होने लगा है। एकत्रित पानी में मच्छरों की भरमार देखने को मिल रही है। इसके अलावा गंदे पानी की बदबू की वजह से घरों में बैठना मुश्किल हो गया है।
हर्षोल्लास के साथ मनाया गणेश चतुर्थी का पर्व
- जगह-जगह की गणेश प्रतिमाओं की स्थापना
पोकरण. क्षेत्र में गुरुवार को गणेश चतुर्थी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कस्बे के गणेश मार्केट स्थित गणेश मंदिर में गणेश मंदिर सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिससे पूरा मार्केट धर्ममयी हो गया। ट्रस्ट की ओर से गुरुवार को सुबह सवा सात बजे ढोल नगाड़ों के साथ ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान यहां बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गणेश भगवान के जयकारे लगाए। जिससे पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा। गणेश भगवान की प्रतिमा पर पूजन किया। यहां आए श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर दूध व जल चढ़ाकर अभिषेक किया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश की प्रतिमा व मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया। दोपहर एक बजे बाद प्रतिमा का विशेष शृंगार किया तथा मंदिर को आकर्षक फूलों व रोशनी से सजाया। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां आए श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा विशेष रूप से बनाए गए गुड़ के लड्डु का प्रसाद चढाया। शाम सात बजे आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया। इसके अलावा कस्बे के मंगलपुरा, छंगाणियों की गली, पुष्करणा गवाड़ सहित विभिन्न मोहल्लों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई। यहां दिनभर श्रद्धालुओं की ओर से पूजा व भजन कीर्तन किए जा रहे है। (का.सं.)
रामदेवरा. गांव में गुरुवार को गणेश चतुर्थी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक फूलों व रौशनी से सजाया गया। मंदिर के व्यवस्थापक मोतीलाल पुरोहित ने सुबह साढे सात बजे यजमान मेलाधिकारी व उपखण्ड अधिकारी अनिलकुमार जैन, समाजसेवी समंदरसिंह तंवर व लीलाधर पुरोहित ने भगवान गणेश का अभिषेक किया। यहां आए सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। दिन भर मंदिर में श्रद्धालुओं की दर्शनों के लिए चहल पहल लगी रही। मंदिर में 101 किलो लड्डुओं का भोग लगाया गया। शाम के समय आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया।
फलसूण्ड. गणेश चतुर्थी का पर्व क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणेश चतुर्थी के दिन स्थानीय हनुमान मंदिर में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई तथा 10 दिवसीय कार्यक्रम का आगाज किया गया। इससे पूर्व मुख्य चौराहे से एक शोभायात्रा निकाली गई, जो गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची। यहां पंडित सत्यनारायण गौतम की ओर से किए गए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमा का पूजन व प्रतिष्ठापन किया गया। प्रतिमा स्थापना के बाद मोदक का भोग लगाया गया। इसी प्रकार गांव की नई आबादी में बालाजी नवयुवक मंडल की ओर से गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई है। यहां चैनदास ने पूजा-अर्चना की। यहां भी 10 दिनों तक भगवान गणेश की प्रतिमा पर पूजन किया जाएगा।