
स्वाभिमान रैली को लेकर पोकरण पहुंचे शिव विधायक कर्नल मानवेन्द्रसिंह,कही यह बात
पोकरण. पूर्व सांसद व शिव विधायक कर्नल मानवेन्द्रसिंह जसोल ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के स्वाभिमान की रक्षा करना क्षत्रिय समाज का कर्तव्य है तथा जब-जब भी किसी व्यक्ति व समाज के स्वाभिमान पर चोट लगी है, तब-तब क्षत्रिय समाज ने आगे आकर उसके स्वाभिमान की रक्षा के लिए त्याग व बलिदान किए है। उन्होंने स्वाभिमान रैली को लेकर जनसंपर्क यात्रा के दौरान गुरुवार की शाम स्थानीय दयाल राजपूत छात्रावास में आयोजित सर्वसमाज की सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गत कुछ वर्षों में ऐसी कई घटनाएं हुई है, जिसमें क्षत्रिय समाज व अन्य समाज के लोगों के साथ अन्याय हुआ है। जिससे उनके स्वाभिमान को चोट लगी है। इसी को लेकर स्वाभिमान सेना की ओर से आगामी 22 सितम्बर को पचपदरा में स्वाभिमान रैली का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान रैली के दौरान अगली रणनीति के बारे में विचार विमर्श कर सर्वसम्मति से निर्णय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह रैली किसी समाज व धर्म की नहीं है, बल्कि अपने सम्मान व स्वाभिमान को बचाने के लिए सभी समाजों के लोग रैली में भाग लेंगे। उन्होंने उपस्थित लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में रैली में शरीक होने का आग्रह किया। प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुनीता भाटी ने कहा कि गत पांच वर्षों में लोगों के स्वाभिमान के साथ पर हुए कुठाराघात को लेकर स्वाभिमान रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अपने स्वाभिमान व सम्मान की रक्षा के लिए रैली में शरीक होने की बात कही। वरिष्ठ अधिवक्ता चंदनसिंह राठौड़ ने स्वाभिमान की रक्षा के लिए अधिकाधिक संख्या में रैली में पहुंचकर सफल बनाने की अपील की। सभा में नगरपालिका अध्यक्ष आनंदीलाल गुचिया, पार्षद विजय व्यास, सेवानिवृत पुलिस अधिकारी भीखसिंह सांकड़ा, हरिसिंह मोडरडी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। सभा का संचालन दलपतसिंह भाटी ने किया। इस अवसर पर पोकरण राजकीय महाविद्यालय के नवनिर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष पंकज सैनी के नेतृत्व में छात्रों ने विधायक मानवेन्द्रसिंह का मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
पोकरण पहुंचने पर किया स्वागत
शिव विधायक मानवेन्द्रसिंह का पोकरण पहुंचने पर जगह-जगह स्वागत किया गया। जैसलमेर रोड पर हाजी अब्दुल रहमान के नेतृत्व में सत्तारखां, बरकतखां ओढाणिया, मौलवी इस्माईल, मौलवी अरशद, मौलवी रहमतुल्ला, गन्नीखां, हाफिज उभेद, अब्दुल गफारखां मेहर ने उनका स्वागत किया। इसी प्रकार जोधपुर रोड पर स्थित मदरसे में रावतखां सनावड़ा, एडवोकेट फिरोजखां, कमालखां, हाजी सइदुल्ला, समसूदीन टावरी, अहमदखां सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उनका मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
Published on:
14 Sept 2018 06:32 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
