जैसलमेर

पत्रिका चेंजमेकर 3.0 के तहत गांवों में वेबिनारों का आयोजन

गांवों की समस्याओं को तत्परता से सुलझाएं नए जनप्रतिनिधि  

2 min read
Oct 01, 2020
पत्रिका चेंजमेकर 3.0 के तहत गांवों में वेबिनारों का आयोजन

जैसलमेर. ग्राम पंचायतों में सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों के चुनाव के मौके पर राजस्थान पत्रिका की ओर से बुधवार को जिले की मोहनगढ़ और फतेहगढ़ पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में वेबिनारों का आयोजन किया गया। इनमें गांवों के चेंजमेकर तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेते हुए ग्राम विकास के भावी सपनों पर खुलकर चर्चा की। उनका जोर भविष्य के सरपंचों-उपसरपंचों व वार्डपंचों से सक्रिय होकर गांवों की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर रहा।
युवा और पढ़े-लिखों को मिले मौका
फतेहगढ़ समिति की सीतोड़ाई, रामा और कपूरिया पंचायतों की वेबिनार में भाग लेते हुए पूर्व सरपंच मेघा निवासी बलवंतसिंह ने आगामी चुनाव में युवा और पढ़े-लिखे व्यक्ति को मौका देने की बात कही। वहीं रामा पंचायत के जुगतदान ने कहा कि गांवों का विकास प्रमुख मसला है। शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रगति करने की जरूरत पर ग्रामीणों ने जोर दिया। विशेषकर बालिका शिक्षा को हरसंभव ढंग से बढ़ावा दिए जाने की बात कही गई। सीतोड़ाई निवासी आसूसिंह ने कहा कि गरीब के हित में काम करने वालों को वोट मिलना चाहिए। ऐसे ही काठोड़ा निवासी पूर्व सरपंच राणे खां के साथ रामा निवासी स्वरूपदान व नारायणदान ने भी युवा को सरपंच के तौर पर काम करने का अवसर दिए जाने पर बल दिया। जबकि सुमलियाई निवासी आवड़दान ने महिलाओं को ज्यादा अवसर देने की जरूरत बताई।
गांवों के ज्वलंत मुद्दे उठाए
इसी तरह मोहनगढ़ पंचायत समिति की वेबिनार में मोहनगढ़ के साथ काणोद तथा नेहड़ाई ग्राम पंचायतों से जुड़े मौजीज लोगों ने भागीदारी करते हुए अपने पंचायत क्षेत्र के ज्वलंत मसलों को उठाया और समस्याओं के तत्परता से समाधान पर जोर दिया। इस वेबिनार में मोहनगढ़ के शिक्षाविद् राणाराम सुथार, समाजसेवी आजम खां सांवरा, सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमकरण सिंह भाटी, व्यापारी सत्यनारायण चांडक व विशाल खत्री, काणोद के सरपंच प्रत्याशी सुरेंद्रसिंह रावलोत तथा नेहड़ाई के जगन्नाथसिंह सांखला ने भाग लिया। उन्होंने मोहनगढ़ में सफाई व्यवस्था, सीवरेज, अतिक्रमण हटाने, गोचर भूमि के विकास, चिकित्सकों की नियुक्ति करवाने और बिजली समस्या के समाधान की आवश्यकता जताई। काणोद क्षेत्र में बरसात के दौरान रास्ते बंद होने की समस्या के निदान, ढाणियों को बिजली से जोडऩे व शिक्षकों की नियुक्ति करवाने पर चर्चा की। नेहड़ाई क्षेत्र में बरसाती पानी के भराव से निजात, नहरी भूमि आवंटन करवाने, नाली निर्माण, बिजली व्यवस्था सुचारू करवाने के साथ ढाणियों को सड़कों से जोडऩे की मांग उठी।

Published on:
01 Oct 2020 09:27 am
Also Read
View All