
जैसलमेर. सदर थाना पुलिस ने पवन ऊर्जा संयंत्र से तांबे की विद्युत केबल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई केबल, वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं तथा बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को कंपनी में सुरक्षा प्रभारी दिलीपसिंह ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि काहला क्षेत्र स्थित पवन ऊर्जा संयंत्र से अज्ञात लोग तांबे की विद्युत केबल काटकर कैंपर में भरकर फरार हो गए। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवन्तदान और वृत्ताधिकारी रूपसिंह ईन्दा के सुपरविजन में थानाधिकारी महेन्द्र कुमार निपु के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण और लगातार दबिश की कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तांबे की विद्युत केबल, केबल काटने में प्रयुक्त औजार तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया बोलेरो कैंपर वाहन बरामद कर जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपियों में पाबूराम उर्फ पाबीया निवासी सोडा हाल दरबारी का गांव, मुकेश निवासी चूंधी, जोगराज निवासी चूंधी तथा मूलाराम निवासी दरबारी का गांव शामिल हैं।
पोकरण थाना पुलिस ने ऋण किश्तों में कथित धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ग्राहकों की जमा राशि 1,84,957 रुपए बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस के अनुसार 8 अगस्त 2025 को तत्कालीन शाखा प्रबंधक जितेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि शाखा में पूर्व में कार्यरत एक फील्ड अधिकारी ने कई ऋणधारकों से प्रीपेमेंट और किश्तों के रूप में नकद राशि लेकर उसे बैंक में जमा नहीं कराया तथा राशि का निजी उपयोग किया। प्रकरण दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र सिंह और वृत्ताधिकारी बुद्धाराम के सुपरविजन में थानाधिकारी मनीष सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना संकलन और लगातार तलाश के बाद आरोपी बालकृष्ण पुत्र चौथमल यादव निवासी सरपंच की ढाणी, नांगल कोजू, तहसील चौमूं (जयपुर ग्रामीण) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से ग्राहकों की जमा नहीं कराई गई 1,84,957 रुपए की राशि बरामद की गई। पुलिस ने बरामद राशि को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।