
Jalore : जसवंतपुरा (जालौर). पंचायत समिति की तबाब ग्राम पंचायत में सरपंच प्रत्याशी पत्नी का मतगणना अभिकर्ता बने पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गुजरात में शराब तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार था और उस पर 20 हजार रुपए का इनाम था। रामसीन थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी से अनुमति लेकर मतगणना केंद्र से उसे गिरफ्तार किया। इस बीच उसकी पत्नी सैन ललिता कांतिलाल ने सरपंच पद का चुनाव जीत लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कांतिलाल उर्फ रोहित उर्फ प्रिंस सैन निवासी तबाब है। यह गुजरात के पंचमहल जिले के हलोल ग्रामीण थाना क्षेत्र में दर्ज शराब तस्करी के मामले में वांछित था। उसने पत्नी का सरपंच प्रत्याशी बनाकर चुनाव की कमान संभाल रखी थी और खुद उसका मतगणना अधिकर्ता बना हुआ था। उसके मौजूदगी की सूचना पर पुलिस ने मतगणना केंद्र पहुंचकर कार्रवाई की।
तबाब ग्राम पंचायत की सरपंच सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित थी। यहां कांतिलाल ने पत्नी सैन ललिता को प्रत्याशी बनाया था। हालांकि सोशल मीडिया पर कांतिलाल के नाम और फोटो वाले पोस्टर के जरिए उसके समर्थकों ने मतदान की अपील की थी। पोस्टरों में 365 दिन में बदलाव लाने और ग्राम पंचायत की विकसित बनाने के दावे किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गुजरात में शराब तस्करी के बड़े गिरोह का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है। उसके खिलाफ राजस्थान और गुजरात में शराब तस्करी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बनने के लिए वह अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस रिकॉर्ड में उसकी पहचान रोहित पुत्र रतनलाल सोलंकी, प्रवीण नारायण, कांतीलाल पुत्र रतीलाल सैन, विजय सिंह चौहान और प्रिंस सैन सहित कई नामों से सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद उसे गुजरात पुलिस की स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी), गांधीनगर के सुपुर्द कर दिया गया।
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को पंचायत समिति जसवंतपुरा की 35 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। क्षेत्र की 35 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 170 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, वहीं 313 वार्डों में पंच पद के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने तक कुल 66.86 प्रतिशत मतदान हुआ। जसवंतपुरा ग्राम पंचायत के पांच मतदान बूथों पर मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। यहां कुल 67.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंच-सरपंच चुनाव के बाद शनिवार को पंचायत समिति जसवंतपुरा की 35 ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किए गए।