
जालोर। सांचौर-डीसा नेशनल हाइवे पर रविवार को पलादर सरहद स्थित पीर की जाल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में निजी बस कंडक्टर और एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 9:45 बजे तेज बारिश के दौरान हुआ। चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बाड़मेर जिले के बेड़िया से गुजरात के पालनपुर जा रही एक निजी यात्री बस सांचौर से सवारियां लेकर रवाना हुई थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। सांचौर से करीब 15 किलोमीटर दूर पलादर क्षेत्र में अचानक बारिश के बीच सामने से आ रहे एक ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद हाइवे पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस की खिड़कियां व दरवाजे तोड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सांचौर थानाधिकारी नैनाराम चौधरी पुलिस जाब्ते और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सांचौर के सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल शिवपुरा होथीगांव (सांचौर) निवासी शिक्षक हंजाराम मेघवाल (53) और बस कंडक्टर मारू खाना (38) निवासी पांति का निवान, सेड़वा (बाड़मेर) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक हंजाराम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूठवा में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे अपनी बहन की दवाइयां लेने गुजरात जा रहे थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक के चालक, खलासी और बस चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बारिश के कारण विजिबिलिटी कम होना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।