
Hanumangarh Accident: हादसे के बाद मौके पर खड़े लोग (फोटो-पत्रिका)
हनुमानगढ़। जिले के संगरिया-टिब्बी मार्ग पर रविवार सुबह रतनपुरा चौराहे के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरी निजी बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और कई लोग सीटों से उछलकर घायल हो गए। दुर्घटना में कुल 16 लोग घायल हुए, जिनमें ट्रक चालक की हालत गंभीर होने पर उसे हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वहीं, समय रहते मौके पर पहुंचे धन-धन श्री गुरु रामदास सेवा समिति के सेवादारों और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य कर कई यात्रियों की जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह उस समय हुआ जब एक ट्रक फैक्ट्री की ओर से मुख्य सड़क पर आ रहा था। इसी दौरान संगरिया से टिब्बी की ओर करीब 40 यात्रियों को लेकर जा रही निजी बस वहां पहुंची और दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सड़क पर टूटे शीशे, बिखरा सामान और घायलों की कराहों ने पूरे इलाके को दहला दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस के साथ धन-धन श्री गुरु रामदास सेवा समिति के सेवादार एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। समिति के राज किंगरा, अजमेर सिंह कलसी, छिंद्रपाल सिंह मठाड़ू, सुशील बिश्नोई सहित अन्य स्वयंसेवकों ने बिना समय गंवाए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, संगरिया पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों ने सेवादारों की तत्परता और सेवा भावना की सराहना की।
हादसे में ट्रक चालक महिपाल गुर्जर (50) पुत्र हनुमानराम निवासी त्रिपाला बड़ी, पिलानी (जिला झुंझुनूं) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं तथा हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ रेफर कर दिया।
राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अनुसार घायलों में गुरदेव कौर बावरी (60), मलकीत कौर (57), अमनदीप बावरी (74), असल मोहम्मद (8), विनोद मेघवाल (32), कलसुन (60) और ईश्वर (40) सहित अन्य लोग शामिल हैं। इनमें से कई यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अधिक चोट वाले मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायल अस्पताल पहुंचने से कुछ समय के लिए आपातकालीन वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल सभी का उपचार शुरू कर स्थिति को संभाल लिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य सड़क पर ट्रक के प्रवेश के दौरान दोनों वाहनों के बीच समन्वय नहीं बन पाने से हादसा हुआ। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त निजी बस का फिटनेस प्रमाणपत्र और प्रदूषण प्रमाणपत्र वैध नहीं था तथा वाहन कर भी बकाया बताया जा रहा है। पुलिस दस्तावेजों की जांच कर रही है और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
26 Jul 2026 04:40 pm
Published on:
26 Jul 2026 04:40 pm
