22 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

Rajasthan: पालिकाध्यक्ष बनाने के नाम पर 60 लाख लेने का आरोप, कांग्रेस MLA बोले- राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास

पीलीबंगा नगर पालिका की पूर्व कांग्रेस पार्षद शारदा पूनियां ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका अध्यक्ष बनाने के नाम पर विधायक ने उनसे 60 लाख रुपये अमानत के तौर पर लिए, लेकिन बाद में राशि लौटाने से इनकार कर दिया।
2 min read
Google source verification
Congress MLA Vinod Gothwal

कांग्रेस विधायक विनोद गोठवाल। पत्रिका फाइल फोटो

पीलीबंगा। कांग्रेस विधायक विनोद गोठवाल के विरुद्ध जिला पुलिस अधीक्षक को परिवाद सौंपकर नगर पालिका अध्यक्ष बनाने के नाम पर 60 लाख रूपए अमानत के रूप में लेकर वापस नहीं लौटाने, अभद्र व्यवहार करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की गई है। हनुमानगढ़ जिले की पीलीबंगा नगर पालिका में कांग्रेस की पूर्व पार्षद शारदा पूनियां ने परिवाद में आरोप लगाया कि कस्बे की कुम्हार धर्मशाला में आयोजित कांग्रेस मंडल की बैठक के बाद शारदा पूनियां और उनके पुत्र सूर्यप्रकाश पूनियां ने विधायक से जून 2025 में कथित रूप से अमानत के तौर पर दिए गए 60 लाख रुपए वापस मांगे।

आरोप है कि विधायक ने राशि लौटाने से इनकार करते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि विधायक ने सूर्यप्रकाश पूनियां को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि यदि रुपए के लेन-देन को लेकर कोई मामला दर्ज कराया गया तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा।

शिकायतकर्ता ने कहा है कि भविष्य में उन्हें या उनके परिवार को किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है तो इसकी जिम्मेदारी विधायक की होगी। गौरतलब है कि यह मामला पिछले करीब एक वर्ष से राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। शिकायतकर्ता की ओर से पालिकाध्यक्ष बनाने के नाम पर कथित राशि के लेन-देन को लेकर पूर्व में भी कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व के समक्ष शिकायत की गई थी।

गोठवाल ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

विधायक विनोद गोठवाल ने पूर्व पार्षद द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने शारदा पूनियां या उनके पुत्र से कोई राशि नहीं ली। विधायक ने कहा कि पूर्व पार्षद शारदा पूनियां पालिकाध्यक्ष बनने के लिए उनके साथ सौदेबाजी कर रही थी लेकिन जब उन्होंने लोकतांत्रिक पद के लिए इस तरह की सौदेबाजी से इनकार कर दिया तो वह झूठे आरोप लगाकर राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है।

अध्यक्ष के चुनाव में हो गई पराजित

पीलीबंगा नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए 16 जून 2025 को उपचुनाव संपन्न हुआ था। इस चुनाव में कांग्रेस की ओर से तत्कालीन पार्षद शारदा पूनियां तथा भारतीय जनता पार्टी की ओर से रणवीर डेलू मैदान में थे। मतदान के बाद भाजपा प्रत्याशी रणवीर डेलू को 22 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी शारदा पूनियां को 12 मत मिले थे। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के अनुसार पीलीबंगा की पूर्व पार्षद ने विधायक के खिलाफ परिवाद दिया है। उसकी जांच करवाई जा रही है।

बड़ी खबरें

View All

हनुमानगढ़

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग