जालोर

Jalore Road Accident : घर के बाहर खेल रहा था 3 वर्षीय मासूम, सड़क हादसे में हुई मौत, गांव में पसरा मातम

Jalore Road Accident : जालोर के बागोड़ा थाना क्षेत्र के छाजाला गांव में मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
2 min read
Jalore Road Accident child tragically died by speeding dumper village Mourning spread
Jalore Road Accident : मासूम बच्चे की फोटो। पत्रिका

Jalore Road Accident : जालोर के बागोड़ा थाना क्षेत्र के छाजाला गांव में मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पर मासूम के शरीर के हिस्से बिखर गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने पीछा कर ड्राइवर को पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव में तेज गति से गुजर रहे बजरी परिवहन में प्रयुक्त एक डंपर की चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम छा गया। छाजाला गांव के पूर्व सरपंच शरीफ खान ने बताया कि उनका भांजा मोहम्मद पुत्र बिलाल खान घर के बाहर खेल रहा था। इस बीच तेज रफ्तार डंपर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसे कुचल दिया। हादसे में बच्चे ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

डंपर चालक हिरासत में, वाहन जब्त

घटना की सूचना मिलते ही जालोर के बागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डंपर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

अपने परिवार का इकलौता पुत्र था मोहम्मद, बड़ी बहनों का बुरा हाल

बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी 3 बड़ी बहनें हैं। पिता बिलाल खान मजदूरी करते हैं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए क्षेत्र में तेज रफ्तार एवं बजरी परिवहन में लगे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांवों से गुजरने वाले भारी वाहनों की तेज गति लगातार हादसों का कारण बन रही है, जिस पर प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
04 Aug 2026 09:36 pm
Published on:
04 Aug 2026 09:34 pm