जालोर

जालोर में सड़क हादसा: एसयूवी और कार में जोरदार भिड़ंत, दो महिलाओं की मौत, चार घायल

Jalore Road Accident : जालोर जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के ऐलाना गांव के पास रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार एसयूवी और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Jun 14, 2026
jalore accident
मौके पर पलटी कार। फोटो पत्रिका नेटवर्क

Jalore Road Accident : जालोर। जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के ऐलाना गांव के पास रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार एसयूवी और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे चल रही एसयूवी कार को टक्कर मारते हुए उसके ऊपर चढ़ गई और दोनों वाहन सड़क पर पलट गए । हादसे के बाद एसयूवी सवार लोग गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मची गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया और पुलिस को सूचना दी।

राम मंदिर दर्शन करने जा रहा था परिवार

बिशनगढ़ थाना एएसआई डूंगराराम ने बताया कि जालोर के ओड़वाड़ा निवासी शांतिलाल (60) राजपुरोहित अपनी पत्नी लीला देवी (60), दिनेश (30) मेघवाल, सुशीला (12), सौरम देवी (55) और हडमतगढ़ निवासी वचनाराम (38) कार में सवार होकर सोमता स्थित राम मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे । सुबह करीब 10 बजे ऐलाना गांव के पास अचानक आगे चल रही एसयूवी कार मुड़ गई, जिससे पीछे चल रही कार अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। सूचना मिलते ही बिशनगढ़ थानाधिकारी मनोज कुमार और उम्मेदाबाद चौकी प्रभारी डूंगराराम चौधरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हादसे में लीला देवी राजपुरोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जालोर से पहुंची एंबुलेंस की मदद से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रास्ते में सौरम देवी (55) ने भी दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवाए हैं।

दो घायल जोधपुर रेफर, जांच में जुटी पुलिस

अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, घायल वचनाराम और दिनेश की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, 12 वर्षीय सुशीला का जालोर के सरकारी अस्पताल और शांतिलाल का एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर फरार एसयूवी सवार लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

Updated on:
14 Jun 2026 04:05 pm
Published on:
14 Jun 2026 03:44 pm