
राजस्थान के जालोर जिले के भीनमाल के निकट भादरड़ा गांव के पहाड़ी क्षेत्र में पत्थर की खनन के दौरान खदान का एक हिस्सा ढह गया और उसके नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। मृतक विक्रमसिंह धनवाड़ा गांव से रोजाना की तरह सुबह घर से मजदूरी के लिए निकला था। वहां से पत्थर ट्रेक्टर पर भरकर लोगों के यहां डालता था। पत्थर का बड़ा हिस्सा गिरने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी, उसके दो लड़कियां (4 साल व 2 साल की) एवं एक आठ माह लड़का है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस निरीक्षक राजेन्द्रसिंह राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। हादसे में घायलों का शहर के एक निजी चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक घटना भादरड़ा गांव में अर्जुनसिंह की पत्थर माइन्स पर हुई। घटना सुबह 10.30-11 बजे के करीब हुई। जहां खदान के दौरान अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया और पत्थर व मलबा पहाड़ी से नीचे गिर गया। जहां ट्रेक्टर-ट्रोली पर पत्थर लादे जा रहे थे।
हादसे के दौरान मौके पर मौजूद ट्रेक्टर चालक धनवाड़ा निवासी विक्रमसिंह (26) राजपूत के सिर पर पत्थर गिर, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक माइंस संचालक का भांजा ही है। जबकि भादरड़ा निवासी पारसाराम मेघवाल, सुबटीदेवी मेघवाल व जेसीबी चालक कुशपालसिंह घायल हो गए। कुशपालसिंह माइंस संचालक का पुत्र है। जिन्हें इलाज के लिए शहर के निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया।
भादरड़ा गांव में खातेदारी पहाड़ पर पत्थर निकालने के लिए खदान चल रही है। गुरुवार सुबह 10.30 व 11 बजे के बीच पहाड़ से मलबा व रेत धंस कर नीचे गिर गई। जिससे नीचे काम कर रहे लोग दब गए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। जेसीबी की सहायता से मलबे को हटाने का कार्य शुरू हुआ। मलबा व पत्थर गिरने से एक ट्रेक्टर चकनाचूर हो गया। ट्रेक्टर चालक व अन्य मजदूर नीचे दब गए। जिससे ट्रेक्टर चालक विक्रमसिंह की मौत हो गई। जबकि तीन घायल हो गए।
माइनिंग क्षेत्रों में अक्सर लापरवाही ही बड़े हादसे और मौत का कारण बनती है। अक्सर खदान क्षेत्रों में लेबर के पास सुरक्षा इंतजाम की कमी होती है। सेफ्टी कैप या अन्य संसाधनों के बिना ही श्रमिक कार्य करते हैं। इस हादसे में मृतक के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हुई।
खनिज क्षेत्र में पहाड़ी क्षेत्र झीकरे के साथ मौजूद है। ऊपरी हिस्सा खिसकने के दौरान यह हादसा हुआ। मौके पर फोरमेन को भेजा गया है।