
जालोरा। सांचौर के डेडवा सरहद में नर्मदा मुख्य नहर के किनारे प्रेमी युगल के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान शोभाग (19) पुत्री भूड़ा भाई, निवासी वेडला (थराद) तथा श्रवण कुमार (21) पुत्र प्रेमाराम निवासी सेड़वा के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि युवक की शादी एक महीने पहले ही हुई थी। लेकिन, कहते हैं कि प्यार में इंसान को न दूरियां दिखाई देती और न ही दुनिया की बंदिशें। शायद यही वजह रही कि युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर नहर में कूदकर खुदकुशी कर ली। बड़ी बात ये है कि नर्मदा नहर में दोनों के शव दुपट्टे से बंधे हुए मिले थे।
यह मामला जालोर जिले के डेडवा सरहद का है। ग्रामीणों को डेडवा सरहद में मुख्य नहर के पास एक मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी, लेकिन आसपास कोई व्यक्ति नजर नहीं आया। संदेह होने पर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय तैराकों की सहायता से नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद दोनों शव पानी से बाहर निकाले गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
बाड़मेर जिले की सेड़वा तहसील के बामरला शेरपुरा निवासी 21 वर्षीय श्रवण कुमार कोली मंगलवार सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह पेट दर्द की दवा लेने जा रहा है। दोपहर में भाई के फोन करने पर उसने बताया कि वो गुजरात के थराद क्षेत्र में है। इसके बाद श्रवण गुजरात के वेडला गांव निवासी 18 वर्षीय युवती शोभाग को अपने साथ लेकर सांचौर पहुंचा। मंगलवार शाम करीब 7 बजे दोनों डेडवा-डावल पुलिया के पास नर्मदा मुख्य कैनाल पहुंचे दोनों ने एक-दूसरे को दुपट्टे से बांधा और नहर में छलांग लगा दी।
दोनों की पहचान करीब एक साल पहले तब हुई थी, जब दोनों परिवार गुजरात के थराद क्षेत्र में कृषि कार्य के दौरान पड़ोसी खेतों में काम कर रहे थे। इसके बाद बातचीत होने लगी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। करीब एक माह पहले श्रवण का विवाह भी हो गया, लेकिन दोनों एक-दूसरे के संपर्क में बने रहे। आखिरकार दोनों की लव स्टोरी का नर्मदा नहर में दुखद अंत हो गया।