जालोर

Rajasthan: राजस्थान में हुई ऐसी शादी, जिसमें नहीं आया कोई रिश्तेदार और मेहमान; जानें पूरा मामला

Jalore News: जातीय पंचों की ओर एक परिवार का हुक्का पानी बंद करने के फरमान के बीच 20 अप्रेल को 2 बहनों की शादी हुई, लेकिन रिश्तेदार व मेहमान गायब रहे। आज इसी परिवार में एक और शादी है। देखना होगा उसमें कोई पहुंचता है या नहीं-

2 min read
Apr 21, 2026
शादी समारोह में खाली पड़ा पांडाल।

भीनमाल। जातीय पंचों की ओर एक परिवार को समाज से बहिष्कृत कर हुक्का पानी बंद करने के फरमान के बीच 20 अप्रेल को दो बहनों की शादी तो हुई, लेकिन रिश्तेदार व मेहमान गायब रहे। पंचों की ओर से शादी-समारोह में शिरकत करने पर भारी आर्थिक दंड का फरमान सुनाया। ऐसे में लोग डरे दिखाई दिए। हालांकि पुलिस अधिकारी परिवार को समाज के बहिष्कृत करना स्वीकार नहीं कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने महज नामजद पंचों को पाबंद कर मामले में इतिश्री कर दी है। शहर के भादरड़ा रोड निवासी वरदाराम माली के पोते व पोतियों की शादी है, लेकिन माली समाज के जातीय पंचों ने चार दिन पूर्व पंचायती बिठाकर परिवार को समाज से बहिष्कृत कर हुक्का पानी बंद कर दिया। ऐसे में शादी में रिश्तेदार व मेहमान नहीं पहुंचे।

ये भी पढ़ें

Pachpadra Refinery Fire : हादसा या साजिश? CM भजनलाल पहुंचे ‘ग्राउंड ज़ीरो’ पर, NIA की तफ्तीश भी शुरू

परिवार ने जैसे-तैसे दो बहनों की शादी तो कर दी, लेकिन रिश्तेदार व मेहमान नहीं दिखे। परिवादी ने बताया कि पुलिस मामले को दबा रही है। थाने में हमारा मुकदमा दर्ज नहीं किया जा रहा है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि पंच पटेलों ने हुक्का पानी बंद करने का निर्णय क्यों सुनाया, यह तक नहीं बताया गया।

5 लाख का जुर्माना थोपा

खाप पंचायत के इस मामले में नियम कायदे ताक पर रखकर शादी वाले घर के लोगों को परेशान किया गया। रमेश कुमार बताते हैं कि उनके दो बेटियों की शादी 20 अप्रेल को हुई, लेकिन पंचायती में पूरी तैयारी धरी रह गई।

भीनमाल के एक छात्रावास में सामाजिक बैठक में हमारे घर के शादी समारोह में शरीक होने पर पंचों ने 5 लाख का जुर्माना थोपने की धमकी दी। इसका नतीजा यह हुआ कि कोई भी लोग कार्यक्रम में शरीक नहीं हुए।

लग चुका है दो जमाइयों पर भी 5-5 लाख का जुर्माना

रमेश कुमार का कहना है कि यह पहला मौका नहीं है, इससे पहले चाचा तगाराम पर 21 लाख का जुर्माना सामाजिक पंचायत ने इसलिए थोपा था कि उनका पुत्र लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगा था।

यही नहीं उनके दो जमाइयों पर भी 5-5 लाख का जुर्माना ये पंच थोप चुके हैं। पिता वरदाराम ने मामले में पुलिस से सहायता की गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

आज है बेटे का विवाह

रमेश कुमार ने बताया कि बेटियां खुशी के मौके मायूसी के साथ विदा हुई, क्योंकि शादी जैसी रंगत नहीं थी। 25 दिन पूर्व शामियाना लगाया गया। विभिन्न मिठाइयां बनाई गई। तमाम कोशिशें बेकार गई और जहां 2 हजार लोग आने की आस थी, गिने चुने कुछ लोग ही पहुंचे। जिससे करीब 10 लाख रुपए का नुकसान भी हुआ। रमेश कुमार के पुत्र की शादी 21 अप्रेल को है। जिसको लेकर भी खुशी के मौके परिवार मायूस है।

पुलिस से सहायता नहीं मिली

समाज के पंच दीपाराम, समरथाराम, सरदाराराम, मांगीलाल ने पंचायती कर हमारे पारिवारिक कार्यक्रम को खराब कर दिया। समाज जोड़ने का काम करता है। इन पंच पटेलों ने समाज को तोडऩे का काम किया है। पिताजी पुलिस के पास भी जाकर आए, किसी तरह की सहायता नहीं मिली। हमें तो यह भी पता नहीं कि समाज के पंचों ने हुक्का पानी बंद करने का फरमान जारी क्यों किया है।

  • रमेश कुमार, पीड़ित पिता

पीड़ित पक्ष का परिवाद हमने लिया था। जिन लोगों के खिलाफ शिकायत थी, उन्हें पाबंद किया गया था। एक पुराना मामला है, जो जांच के दायरे में है। जबकि इस मामले में किसी तरह के पैसे मांगने की शिकायत नहीं पेश की है। मामले की जांच जारी है।

  • राजेंद्रसिंह, थानाधिकारी, भीनमाल

ये भी पढ़ें

Rajasthan News: नागौर के बाद अब दौसा का मायरा आया चर्चा में, दुल्हन के पिता का 13 साल पहले हो गया था निधन
Published on:
21 Apr 2026 02:29 pm
Also Read
View All