Rajasthan News: हिस्ट्रीशीटर भजनलाल आले दर्जे का बदमाश और हार्डकोर अपराधी है, जिससे लोगों में खौफ व्याप्त था। बदमाश भजन लोगों को धमकाकर रुपए लेकर, मारपीट, अपहरण व लूट जैसे अपराध कर फरार हो जाता और अलग- अलग राज्यों में फरारी काटता।
Rajasthan News: सांचौर जिले की पुलिस ने सरवाना पुलिस थाने के मोस्ट वांटेड 1 लाख रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर भजनलाल की गिरफ्तारी के बाद उसे सड़क पर पैदल घुमाया। पुलिस ने बदमाश भजन को हाथ में लोहे की जंजीर डालकर शहर के विभिन्न मार्गों से पैदल घुमाया। चार रास्ता से लेकर पंचायत समिति मुख्यालय तक अपराधी को लेकर पुलिस के पैदल मार्च को देखने लोगों का जमघट लगा। इधर, हिस्ट्रीशीटर भजनलाल की गिरफ्तारी के बाद बड़े खुलासे के कयास लगाए जा रहे हैं।
हिस्ट्रीशीटर भजनलाल आले दर्जे का बदमाश और हार्डकोर अपराधी है, जिससे लोगों में खौफ व्याप्त था। बदमाश भजन लोगों को धमकाकर रुपए लेकर, मारपीट, अपहरण व लूट जैसे अपराध कर फरार हो जाता और अलग- अलग राज्यों में फरारी काटता। अपराधी इस कदर बैखौफ था कि हर वक्त अपने पास अवैध हथियार रखता था। वहीं कहीं पर आने जाने या फरार होने के लिए चोरी के वाहन का उपयोग करता था।
बदमाश अपहरण, लूट, मारपीट, हत्या के प्रयास के प्रकरण के साथ- साथ अवैध पोस्त डोडा तस्करी जैसे प्रकरण में भी संलिप्त है। इस आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ा टास्क था, जिसको लेकर पुलिस लंबे समय से इनके विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही थी। बता दें पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर हिस्ट्रीशीटर को दबोचा। पुलिस को इत्तला थी कि भजनलाल झाब थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंदिर में गोगा नवमी पर दर्शन के लिए आता है। इसी सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया।
हिस्ट्रीशीटर भजनलाल के खिलाफ राज्य अलग-अलग 20 पुलिस थानो में गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज है। 13 प्रकरणों में पुलिस द्वारा जांच पूरी कर चालान पेश किया जा चुका है। वहीं 7 प्रकरणों में जांच विचाराधीन है, जिसमें भीनमाल पुलिस थाने में दर्ज चार प्रकरणों में पुलिस द्वारा चालान पेश किया गया है। चितौडगढ़ के एक प्रकरण में भी चालान पेश हो चुका है। इसी तरह सांचौर पुलिस थाने में दर्ज दो प्रकरणों में भी चालान पेश हो चुका है। जबकि चितलवाना पुलिस थाने में एक, बागोड़ा पुलिस थाने में दो प्रकरण, धोरीमन्ना में एक प्रकरण, सिणधरी व सरवाना पुलिस थाने में एक-एक प्रकरण में पुलिस द्वारा चालान पेश किया जा चुका है। भजनलाल सरवाना, भीनमाल में दो प्रकरणों में और झाब, मंडोर आयुक्तालय जोधपुर पूर्व व रिको आबूरोड पुलिस थाने में एक-एक प्रकरण में वांछित है।
हिस्ट्रीशीटर भजनलाल पाली रेंज का टॉप-10 अपराधियों में से एक है। इस दौरान आरोपी नीची नजर किए लंगड़ाते हुए चल रहा था। मुख्य बाजार में पुलिस की मौजूदगी में अपराधी के हाथों में जंजीरों से बांध के पैदल घुमाने के घटनाक्रम को लोगों ने अचरज से देखा। साचौर पुलिस उपअधीक्षक जेठूसिंह करणोत ने बताया कि आमजन को भयमुक्त करने के लिए हिस्ट्रीशीटर को पैदल बाजार में घुमाया गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों से डरने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि घटना के बारे में समय रहते पुलिस को बताना चाहिए।