
जालोर. सांचौर क्षेत्र के पुर गांव में सोमवार को मां-बेटे का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। दीपावली के दिन धानता गांव के पास हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई थी। मृतकों में शामी विश्नोई, उसका 8 साल का बेटा कुलदीप, पिता रामलाल सियाक और ससुर जीवाराम धेतरवाल शामिल थे। पोस्टमार्टम के बाद चारों के शव परिजनों को सौंपे गए। पुर गांव में मां-बेटे और उनके पास ही शामी के ससुर का अंतिम संस्कार किया गया, जबकि उसके पिता का अंतिम संस्कार डावल गांव में हुआ। हादसे के बाद से दोनों गांवों में शोक का माहौल है।
यह हादसा रविवार को सांचौर क्षेत्र के धानता गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, पुर गांव की रहने वाली 35 साल की शामी विश्नोई अपने पिता रामलाल सियाक के साथ डावल गांव गई थी। वहां एक रिश्तेदार की शोकसभा के बाद रखी गई बैठक में शामिल होना था। कार्यक्रम पूरा होने के बाद शाम को शामी को अपने ससुराल लौटना था। पिता रामलाल अपनी बाइक पर बेटी शामी और 8 साल के नाती कुलदीप को बैठाकर पुर गांव के लिए निकल पड़े।
बताया जा रहा है कि धानता गांव के पास आगे ढाणी तक जाने वाला रास्ता रेतीला था। ऐसे में बाइक से आगे जाना मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान शामी के ससुर जीवाराम धेतरवाल भी बहू और पोते को लेने वहां पहुंच गए। दीपावली का दिन होने के कारण दोनों आपस में बातचीत करने लगे। इसी बीच अरणाय की तरफ से सांचौर जा रही एक अनियंत्रित बोलेरो वहां पहुंची और सड़क किनारे खड़े चारों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में जीवाराम, उनके पोते कुलदीप और रामलाल की मौके पर ही मौत हो गई। शामी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले सांचौर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर पालनपुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद चारों के शव परिवार को सौंपे गए। जानकारी के अनुसार, पुर गांव में शामी और उसके बेटे कुलदीप का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। पास ही जीवाराम की भी अंत्येष्टि हुई। वहीं, रामलाल का अंतिम संस्कार उनके गांव डावल में किया गया। दीपावली पर जिस परिवार में खुशियां होनी थीं, वहां एक साथ चार मौतों ने सब कुछ बदल दिया। त्योहार के दिनों में ऐसे दृश्य देखकर गांव में सभी की आंखें नम हो गईं। पुर और डावल दोनों गांवों में शोक का माहौल है।