
जालोर। जिले के रानीवाड़ा क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा अधिवक्ता की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अधिवक्ता सुमेरसिंह सोलंकी ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सुमेरसिंह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे, ऐसे में उनके निधन से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे रानीवाड़ा-सांचौर स्टेट हाईवे पर पाल मार्ग के पास यह हादसा हुआ। सेवाड़ा गांव निवासी अधिवक्ता सुमेरसिंह सोलंकी बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही रानीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रानीवाड़ा के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिवक्ता सुमेरसिंह सोलंकी के निधन की खबर फैलते ही रानीवाड़ा बार एसोसिएशन, अधिवक्ता समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने दिवंगत अधिवक्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे अधिवक्ता जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुमेरसिंह मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। कम उम्र में उनकी पहचान एक सक्रिय युवा अधिवक्ता के रूप में बन रही थी। ऐसे में उनकी असामयिक मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। गांव सेवाड़ा और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है तथा बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।