15 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल बनवीर का हार्ट अटैक से निधन, मेक्सिको जाते समय समुद्र के बीच बिगड़ी तबीयत

राजस्थान में डूंगरपुर जिले के वरिष्ठ आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अनिल बनवीर (75) का अमेरिका से मेक्सिको जा रहे क्रूज पर हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे पत्नी डॉ. निशा बनवीर के साथ विदेश यात्रा पर थे। 20 हजार से अधिक पोलियो करेक्शन ऑपरेशन करने वाले डॉ. बनवीर के निधन से चिकित्सा जगत और डूंगरपुर में शोक की लहर है।
2 min read
Google source verification
Orthopedist Dr Anil Banveer Dies

Orthopedist Dr Anil Banveer Dies (Patrika Photo)

Orthopedist Dr Anil Banveer Dies: डूंगरपुर के जाने-माने आर्थोपेडिक (हड्डी रोग) विशेषज्ञ डॉ. अनिल बनवीर (75 वर्ष) का अमेरिका से मेक्सिको के बीच क्रूज पर सफर के दौरान हृदय गति रुकने (साइलेंट अटैक) से निधन हो गया। वे अपनी पत्नी डॉ. निशा बनवीर के साथ 9 जुलाई को विदेश घूमने गए थे। इस दुखद खबर के डूंगरपुर पहुंचते ही पूरे चिकित्सा महकमे और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।

समुद्र के बीच अचानक बिगड़ी तबीयत

डॉ. अनिल बनवीर और उनकी पत्नी डॉ. निशा दोनों ही छुट्टियां मनाने के लिए विदेश यात्रा पर थे। मंगलवार को जब उनका क्रूज अमेरिका से मेक्सिको की ओर बढ़ रहा था, तभी समुद्र के बीच में डॉ. बनवीर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। क्रूज पर मौजूद चिकित्सा दल ने तुरंत उनकी जांच की और उन्हें बचाने का प्रयास किया। गंभीर दिल का दौरा पड़ने के कारण मौके पर ही उनका निधन हो गया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सा और समाजसेवा में बेमिसाल योगदान

20 हजार से ज्यादा सफल ऑपरेशन कर चुके डॉ. अनिल बनवीर का नाम डूंगरपुर और वागड़ अंचल में बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपना पूरा जीवन पीड़ित मानवता की सेवा में समर्पित कर दिया। उन्होंने कई वर्षों तक डूंगरपुर जिला अस्पताल और सागवाड़ा सरकारी अस्पताल में अपनी सेवाएं दीं। वे डूंगरपुर जिला अस्पताल में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी के पद पर भी रहे। करीब 13 वर्ष पूर्व सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे घर पर नहीं बैठे। वे लगातार एक निजी अस्पताल में मरीजों का इलाज कर रहे थे।

दिव्यांगों को दिया नया जीवन

डॉ. बनवीर नारायण सेवा संस्थान और महावीर इंटरनेशनल जैसी स्वयंसेवी संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े थे। उन्होंने डूंगरपुर, बांसवाड़ा और सागवाड़ा सहित कई क्षेत्रों में पोलियो करेक्शन के 20 हजार से अधिक सफल ऑपरेशन किए। उनके इस प्रयास से जन्मजात शारीरिक अक्षमता से जूझ रहे हजारों लोग अपने पैरों पर खड़े होकर चलने-फिरने लगे।

विदेशों में सेवाएं दे रहा है पूरा परिवार

डॉ. बनवीर का पूरा परिवार चिकित्सा और उच्च सेवाओं से जुड़ा हुआ है। उनका बेटा डॉ. सौमित्र बनवीर और बहू डॉ. उपासना बनवीर वर्तमान में लंदन (यूके) में डॉक्टर हैं। उनकी बेटी शौकिता ठाकुर अपने पति कुणाल ठाकुर के साथ कनाडा में रहती हैं। बेटा-बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों के विदेशों में होने के कारण, डॉ. बनवीर का अंतिम संस्कार कहां और कब किया जाएगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है।

डूंगरपुर में शोक की लहर

डॉ. बनवीर के आकस्मिक निधन की खबर से डूंगरपुर के सामाजिक और चिकित्सा क्षेत्र को गहरा आघात लगा है। डूंगरपुर जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. कांतिलाल मेघवाल ने इसे चिकित्सा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। वहीं, भारत विकास परिषद तिलक शाखा के अध्यक्ष मुकेश श्रीमाल सहित कई गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने डॉ. बनवीर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

बड़ी खबरें

View All

डूंगरपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग