
डॉक्टर हिमांशु शर्मा (पत्रिका फोटो)
Dausa Doctor Himanshu Sharma Death: दौसा: दौसा जिला अस्पताल में कार्यरत महज 40 वर्षीय डॉक्टर हिमांशु शर्मा की शुक्रवार को जयपुर में मौत हो गई। शुरुआती चिकित्सकीय जांच में उनकी मौत का कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर हिमांशु शर्मा को शुक्रवार से दो दिन पहले भी सीने में हल्के दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई थी। अमूमन लोग जिसे गैस या सामान्य एसिडिटी समझ लेते हैं, वैसा ही कुछ समझकर डॉ. हिमांशु ने भी एक सामान्य टैबलेट ले ली थी। हालांकि, एहतियात बरतते हुए वे दौसा से छुट्टी लेकर जयपुर स्थित अपने घर आ गए थे।
बता दें कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब उन्हें दोबारा सीने में तेज दर्द महसूस हुआ, तो वे अपनी पत्नी डॉ. अर्पणा शर्मा (जो कि जयपुर के जयपुरिया गवर्नमेंट हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं) के साथ मालवीय नगर स्थित राजस्थान हॉस्पिटल पहुंचे। डॉक्टरों की टीम अभी उनकी जांच कर ही रही थी कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन कुछ ही मिनटों में उन्होंने दम तोड़ दिया।
दौसा जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरके मीणा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे जैसे ही डॉ. हिमांशु के असामयिक मौत की सूचना मिली, पूरा अस्पताल स्टॉफ स्तब्ध रह गया। डॉ. हिमांशु साल 2023 से दौसा जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
बताते चलें कि वे बेहद हंसमुख, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ डॉक्टर थे। अपने इसी स्वभाव के कारण मरीजों और साथी स्टॉफ के बीच वे काफी लोकप्रिय थे। उनके पीछे परिवार में उनकी पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं, जिन पर इस घटना के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Updated on:
03 Jul 2026 08:42 pm
Published on:
03 Jul 2026 08:42 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
