तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया।
जांजगीर-अकलतरा. अकलतरा थानांतर्गत ग्राम खटोला के पास बुधवार की सुबह १० बजे तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इससे साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अकलतरा में किसी फर्म में काम करता था और वह साइकिल से काम पर जा रहा था। ट्रक चालक ने साइकिल सवार को पीछे से टक्कर मारी थी। फिलहाल ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार लिया है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर तीन घंटे चक्काजाम कर दिया। मुआवजा मिलने के बाद शव को मौके से उठा लिया गया है। आक्रोशित ग्रामीण शांत हो गए हैं।
अकलतरा पुलिस के अनुसार खटोला निवासी महेंद्र पाल (२२) बुधवार की सुबह १० बजे साइकिल से अपने गांव से अकलतरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रक क्रमांक सीजी १२ एस १२८८ के चालक ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इससे साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। मौके पर तकरीबन तीन घंटे तक चक्काजाम था।
प्रशासनिक अफसरों ने मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से २५ हजार व ट्रक मालिक की ओर से ३५ हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की, तब जाकर चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा ३०४ ए के तहत जुर्म दर्ज किया है।
तीन घंटे तक जिद पर अड़े रहे पीडि़त
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चक्काजाम कर रहे लोगों को मनाने के लिए जद्दोजहद करती रही, लेकिन परिजन इस जिद पर अड़े रहे कि ट्रक चालक व उसके मालिक को मौके पर बुलाया जाए, लेकिन पुलिस ने उनकी शर्तों को मानने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना था कि यदि आरोपी को मौके पर बुलाएंगे तब तनाव की स्थिति निर्मित हो जाएगी। इससे बचते हुए पुलिस ने पीडि़तों को मुआवजा राशि प्रदान करने में देर नहीं की।