
Road Accident: जांजगीर-चांपा में बेकाबू होकर नाले के पास पलटी कार, युवक की मौके पर मौत, एक-दो दिन पहले ही खरीदी थी गाड़ी
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार तड़के सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसो के पास बिलासपुर-पामगढ़-शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर नाले के किनारे पलट गई। हादसे में कार में सवार तुस्मा निवासी जय कुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि मृतक ने एक-दो दिन पहले ही सेकंड हैंड कार खरीदी थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे तीनों युवक सड़क किनारे मिले एक लावारिस कुत्ते को लेकर बिलासपुर स्थित पशु केंद्र पहुंचे थे। वहां कुत्ते को भर्ती कराने के बाद वे कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोमवार तड़के करीब 4 बजे ग्राम भैंसो के नाले के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में पीछे की सीट पर बैठे जय कुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य दो युवकों को मामूली चोटें आईं।
मृतक के साथियों के मुताबिक, हादसे के समय कार खरौद निवासी चिन्ना देवगन चला रहा था। वहीं, गिधौरी निवासी अभय अवस्थी आगे की सीट पर बैठा था, जबकि जय कुमार साहू पीछे बैठा था। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि जय कुमार ने हाल ही में सेकंड हैंड कार खरीदी थी। हालांकि, कार अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।