- जिस सड़क का सीएम ने किया भूमिपूजन उसी सड़क पर फंस रहे वाहन
जांजगीर-अकलतरा. अमोरा से अकलतरा पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कुछ महीने पहले ही भूमि पूजन किया था। सीएम ने उस समय यह सोचा था कि इस सड़क के जल्द निर्माण क्षेत्र के लोगों को लाभ पहुंचेगा और चुनावी समय में उन्हें इसका पूरा लाभ मिलेगा, लेकिन हालत ठीक इसके विपरीत हो गई है।
इस सड़क का निर्माण करने वाले ठेकेदार ने सड़क में घटिया क्वालिटी की पीली व चिकनी मिट्टी पाटकर बरसात में काम बंद कर दिया है। इससे यहां बनाया जा रहा पुल दलदल का रूप ले चुका है। यहां से एक भी वाहन ऐसा नहीं है जो बिना फंसे निकल जाए। ग्रमीण यहां फंसे वाहनों को दूसरे वाहन से बांधकर कीचड़ से बाहर निकाल रहे हैं।
Read More : Video Gallery : बारिश ने शहर में व्यवस्था का ढोल पीटने वाले पालिका व जिला प्रशासन की खोली पोल
इसे ग्रामीणों की मदद कहें या फिर कमाई का नया साधन, लेकिन यह बदहाली सिर्फ और सिर्फ प्रशासन और ठेकेदार के गलत काम करने से हुई है। आपको बता दें कि यदि आप अमोरा से अकलतरा के लिए नई बन रही सड़क से जा रहे हैं तो बिल्कुल न जाएं, क्योंकि यहां ट्रैक्टर जैसे वाहन फंस जा रहे हैं तो फिर छोटी गाडिय़ों की बिसात ही क्या। यहां हर दिन कोई न कोई वाहन कीचड़ में फंस जा रहा है। इसके बाद ग्रामीणों को वाहन मालिक पैसे देकर मनाता है उसके बाद ग्रामीण फंसे हुए वाहन को ट्रैक्टर से टोचन करके निकालने का प्रयास करते हैं।
इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण फंसे वाहन को पीछे से धक्का देते हैं। कई बार तो हालत ऐसी हो जा रही है कि वाहन में लोड माल तक को उतारना पड़ा रहा है और जब वाहन कीचड़ से बाहर निकल जा रहा है तो उसके बाद उसमें फिर से उस माल को लोड करना पड़ता है। इससे ग्रामीणों की भी कमाई हो जा रही है, लेकिन वह इससे खुश नहीं उनका कहना है कि शासन को वह इसका जवाब आने वाले समय में देंगे।