
RTE Admission 2027: आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया इस बार दो माह पहले ही शुरू हो जाएगी। दाखिले के लिए 1 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे, जबकि पिछली बार 1 फरवरी से इसकी शुरुआत हुई थी। प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षा सत्र के दो माह निकल चुके थे। इसके चलते कई सीटें खाली रह गई थीं।
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसे देखते हुए इस बार जिले में आरटीई की प्रक्रिया 2 नवंबर से शुरू कर दी गई है। नियमों में बदलाव के साथ आरटीई की सीटों को पूरी तरह भरने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। गौरतलब है कि जांजगीर-चांपा जिले में पिछले शैक्षणिक सत्र में 456 निजी स्कूलों में आरटीई के तहत प्रवेश की प्रक्रिया चली थी, जिसमें करीब 500 सीटें खाली रह गई थीं।
हर साल आरटीई की सीटें खाली रह जाती हैं। इससे आरटीई योजना की मंशा पूरी नहीं हो पा रही है। नियम के तहत निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटों पर गरीब और जरूरतमंद बच्चों को प्रवेश देकर मुफ्त शिक्षा दिलाई जानी है, लेकिन सीटें खाली रह जाने से पात्र बच्चों को इस योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
एमपी सिंह, डीईओ के मुताबिक, आरटीई के तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया इस बार 1 दिसंबर से शुरू हो जाएगी। इसके लिए 2 नवंबर से स्कूलों का रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। नए स्कूल भी 25 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। प्रक्रिया जल्दी पूरी होने से पात्र बच्चों को तय समय पर एडमिशन मिल सकेगा।