जांजगीर चंपा

सक्ती जिला अस्पताल में सफाई को लेकर विवाद, महिला एल्डरमैन और सफाईकर्मी भिड़ीं, थप्पड़-मारपीट का VIDEO वायरल

Sakti Hospital Viral Video: सक्ती जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था को लेकर महिला एल्डरमैन और सफाईकर्मी के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट हुई। घटना का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल है।
2 min read
Chhattisgarh News
मारपीट (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Sakti Hospital Fight: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को सफाई व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। नवनिर्वाचित महिला एल्डरमैन और महिला सफाईकर्मी के बीच हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज और हाथापाई हुई। इस दौरान एक युवती के भी विवाद में शामिल होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सफाई व्यवस्था को लेकर शुरू हुई बहस

जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 18 निवासी सुशीला गबेल, जो हाल ही में एल्डरमैन निर्वाचित हुई हैं, शनिवार को अपने निजी काम से जिला अस्पताल पहुंची थीं। अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर उन्होंने वहां मौजूद महिला सफाईकर्मियों से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल किया।

इसी बात को लेकर एल्डरमैन और सफाईकर्मी के बीच बहस शुरू हो गई। शुरुआती कहासुनी कुछ देर बाद तीखी नोकझोंक में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।

Sakti Hospital Fight: देखें Video

बातचीत के दौरान अचानक बढ़ा विवाद

वायरल वीडियो में एल्डरमैन को स्कूटी पर बैठी एक महिला सफाईकर्मी से बातचीत करते देखा जा सकता है। इसी दौरान दोनों के बीच बहस बढ़ती दिखाई देती है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बातचीत के दौरान सफाईकर्मी ने एल्डरमैन को थप्पड़ मार दिया।

इसके बाद एल्डरमैन के साथ मौजूद एक युवती भी सफाईकर्मी से भिड़ती नजर आती है। वह महिला सफाईकर्मी के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है। मौके पर मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। वीडियो में एक व्यक्ति की आवाज भी सुनाई दे रही है, जो महिलाओं को विवाद न करने के लिए कहता नजर आ रहा है।

अस्पताल के बाहर भी हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में हुए विवाद के बाद मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ। जिला अस्पताल के बाहर भी दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। यहां भी दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

पूरी घटना किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। अब मारपीट का यही वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत

घटना के बाद दोनों पक्षों ने सक्ती थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई है। वायरल वीडियो सहित मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CMHO ने कहा- दोनों पक्षों से ली जाएगी जानकारी

वहीं, जिला अस्पताल की घटना को लेकर CMHO डॉ. पूजा अग्रवाल ने भी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में विवाद होने की जानकारी मिली है। सोमवार को दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

Updated on:
09 Aug 2026 07:08 pm
Published on:
09 Aug 2026 04:16 pm