सक्ती एसडीएम इंद्रजीत बर्मन
जांजगीर-सक्ती. सक्ती एसडीएम इंद्रजीत बर्मन ने नगर पालिका सक्ती के सीएमओ संचित साहू का वेतन रोकने का आदेश दिया है। सीएमओ पर सक्ती के बड़े साहूकारों को फायदा पहुंचाने सहित जनसुविधाओं पर कोई ध्यान न देने का आरोप है। इस पर एसडीएम ने उनसे जवाब मांगा था, लेकिन जब सीएमओ ने कोई जवाब नहीं दिया तो एसडीएम ने आदेश जारी किया कि जब तक वह जवाब प्रस्तुत नहीं करता तब तक उसका वेतन रोका जाए।
जानकारी के मुताबिक सक्ती वार्ड एक सतनामी मोहल्ला निवासी धरम रात्रे ने 13 मार्च को नगर पालिका सीएमओ व सक्ती एसडीएम इंद्रजीत बर्मन के लिखित शिकायत की थी कि राजापारा स्थित किरण अपार्टमेंट और बिजली ऑफिस के पास प्रेमचंद बनवारी लाल व्यवसायिक परिसर का निर्माण किया गया है।
इन दोनों परिसर के संचालक ने नगर पालिका में आंशिक जानकारी देकर भवन के निर्माण अवधि से लेकर अब तक काफी टैक्स की चोरी की है। शिकायत में जांच कर सही टैक्स वसूली करने की मांग की गई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम सक्ती ने सीएमओ नगर पालिका संचित साहू से जांच प्रतिवेदन मांगा था, लेकिन सीएमओ ने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए सीएमओ का वेतन तब तक रोकने का आदेश जारी किया है जब तक कि वह इस शिकायत के संदर्भ में अपना जांच प्रतिवेदन नहीं दे देता है।
जन समस्याओं पर नहीं है ध्यान
नगर पालिका सीएमओ संचित साहू को पूर्व कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने नगर की नाली की सफाई के लिए निर्देशित किया था, लेकिन उनका जन समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं है और इसे लेकर भी एसडीएम ने उन्हें पत्र लिखा है।
एसडीएम के कार्यों पर फेरा जा रहा था पानी
सक्ती एसडीएम ने बताया कि तीन-चार साल पहले तत्कालीन एसडीएम कार्तिकेय गोयल ने स्टेशन रोड से लगती जमीन में हुए अतिक्रमण को हटवाकर 40-40 फिट जमीन खाली करवाई थी। जबकि सीएमओ नगर पालिका फिर से यहां बेजा कब्जा की छूट दे रहे थे। उनके द्वारा यहां नाली का निर्माण चार फिट जमीन छोड़कर किया जा रहा था। इस पर एसडीएम बर्मन ने सीएमओ को फटकार लगाते हुए नाली को किनारे से सही मानक पर बनाने का निर्देश दिया और उसके बाद सही नाली बनी।
-नगर पालिका सीएमओ के खिलाफ कई तरह की शिकायत मिली हैं। उनके द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। उनसे प्रेमचंद्र सराफ के खिलाफ मिली शिकायत पर प्रतिवेदन भी मांगा गया था, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर उनका वेतन रोकने का आदेश दिया गया है।
-इंद्रजीत बर्मन, एसडीएम, सक्ती