
बम्हनीडीह थानांतर्गत ग्राम सोंठी धनुहार पारा का मामला
जांजगीर-चांपा. बम्हनीडीह थानांतर्गत ग्राम सोंठी के धनुहार पारा में अधिकतर लोग धनुहार जाति के हैं। जिनका पेशा महुआ शराब बनाना बन गया है। यहां हर घर में केवल महुआ शराब बनाने का कारोबार होता है। सुबह से लेकर शाम तक हर घरों में आप पांच से 10 लीटर तक महुआ शराब ले सकते हैं।
हसदेव नदी के तट पर बसे इस मोहल्ले में न तो चारपहिया जाने का रास्ता है और न ही कोई और साधन प्रवेश कर सकता। नदी के तट में धनुहार जाति के लोग बसे हैं और सभी नदी में पहले महुआ पास को डुबो देते हैं और फिर महुआ पास से शराब बनाने का काम करते हैं।
यहां न तो पुलिस पहुंच पाती और न ही आबकारी अमला पर मार सकता। पत्रिका को इस आशय की सूचना मिली थी। जिसकी सूचना आबकारी टीम को दी थी। आबकारी अमला बुधवार की सुबह ६ बजे सोंठी के धनुहार डेरा में पहुंची। पहले तो एक साथ दो वाहनों में वर्दीधारी देखकर लोग हैरत में पड़ गए। वे सोंच रहे थे कि आखिरकार यहां तक अफसर पहुंच कैसे गए।
उन्होंने वर्दीधारी देखकर दातों तले उंगली दबा लिए और लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कोई अपने घर की शराब को बाहर फेंक रहा था तो कोई अपने घर के बर्तन की सफाई करने जुट गया। कोई अपने घर में ही शराब की बिक्री करते हुए शराब परोस रहा था। मोहल्ले में कई दुकानें ऐसी थी जहां आलू प्याज की तरह शराब बिक्री कर रहे थे। देव साहू की दुकान में एक व्यक्ति शराब खरीदते पकड़ा गया।
आबकारी अमले ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। ऐसे कई लोगों के घरों में जहां शराब बनाई जाती है वहां छापेमारी करने आबकारी टीम पहुंची और बड़ी मात्रा में महुआ शराब जब्त किया। यहां से तकरीबन आधा दर्जन लोग पकड़े गए। पकड़े गए लोगों में तीन पुरूष व तीन महिलाएं शामिल है।
नदी किनारे मिला महुआ पास
आबकारी की टीम जब नदी के किनारे छापेमारी के लिए पहुंची तब बड़ी मात्रा में महुआ पास मिला। नदी किनारे झुरमुट में लोग पहुंचा पास को छिपाकर रखे थे। कई लोग शराब बनाकर भी रखे थे। जिसे आबकारी टीम ने जब्त कर लिया है। कई लोगों ने तो नदी में ही महुआ पास को फेंक दिया था। जिसे आबकारी ने देख लिया। वहीं यहां के लोगों के घरों से बड़ी मात्रा में महुआ पास भी जब्त किया है। जिसे आसपास के मवेशियों को खिला दिया गया है।
-सोंठी के धनुहार पारा में बड़ी संख्या में लोग महुआ शराब बनाते हैं इसकी सूचना मिली थी। सूचना पाकर वहां छापेमारी की गई। जहां से कई घरों में बड़ी मात्रा में महुआ शराब व महुआ पास जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की कार्रवाई की जा रही है।
-प्रकाश पाल, सहायक आयुक्त आबकारी
Published on:
13 Jun 2018, 2:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.