जशपुर नगर

बेटे ने हिस्सा मांगा तो पिता ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया.. मां और भाई ने भी दिया साथ, सभी गिरफ्तार

Crime News: जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में बेटे के द्वारा पिता से जमीन बिक्री में हिस्से की राशि मांगने को लेकर एक ही परिवार में ऐसा विवाद भड़का कि, खुद पिता ने अपने ही बेटे को जिंदा जलाने की कोशिश कर दी।

2 min read
पिता-मां और भाई गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Crime News: जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में बेटे के द्वारा पिता से जमीन बिक्री में हिस्से की राशि मांगने को लेकर एक ही परिवार में ऐसा विवाद भड़का कि, खुद पिता ने अपने ही बेटे को जिंदा जलाने की कोशिश कर दी। यही नहीं इस सनसनीखेज घटना में मां और भाई ने भी उसका साथ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घटना के संबंध में पुलिस और विभिन्न सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले की प्रार्थिया और गंभीर रूप से झुलस कर घायल हुए युवक की पत्नी कामना भगत 25 वर्ष, पति कौशल राम, निवासी नारायणपुर ने 15 फरवरी 2026 को चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि दो वर्ष पूर्व उसके ससुर शिवशंकर यादव द्वारा जमीन की बिक्री की गई थी। जिसके बाद उसका पति घायल कौशल यादव 30 वर्ष, अपने पिता से अपने हिस्से की राशि की मांग कर रहा था, जिसे लेकर परिवार में विवाद चल रहा था और यह लगातार बढ़ते हुए हिंसक हो गया।

ये भी पढ़ें

‘पुष्पा-2’ स्टाइल लकड़ी तस्करी का खुलासा… 50 लाख की खैर-तेंदू जब्त, गोदाम में छिपा रखा था ‘लाल सोना’

बेटे पर पेट्रोल छिड़का फिर मार दी माचिस

पीड़ित युवक की पत्नी ने पुलिस को की गई रिपोर्ट में बताया कि, घटना दिनांक 13 फरवरी 2026 को इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पीड़ित युवक के पिता शिवशंकर यादव 55 वर्ष, माता चन्द्रमुनी भगत 47 वर्ष एवं भाई अंकुश यादव 27 वर्ष ने एक राय होकर पीड़ित कौशल यादव के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पहले तो पिता शिवशंकर यादव ने बेटे पर पेट्रोल छिडक़ दिया और फिर माचिस जलाकर फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तत्काल इलाज के लिए होलीक्रॉस हॉस्पिटल, अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

अपराध कायम कर प्रकरण भेजा नारायणपुर

पीड़ित युवक की पत्नी के द्वारा की गई रिपोर्ट पर चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल अंबिकापुर में प्रारंभिक रूप से शून्य पर अपराध दर्ज किया गया। चूंकि मामला जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत का था, इसलिए अग्रिम कार्रवाई एवं विवेचना के लिए प्रकरण थाना नारायणपुर को भेजा गया। जिसके बाद थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 296, 351 (3), 115 (2), 109 (1), 3 (5), बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जिले के नारायणपुर थाना पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।

पीड़िता के मां-पिता और भाई गिरफ्तार

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध स्वीकार करने एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 16 फरवरी 2026 को शिवशंकर यादव पिता, चन्द्रमुनी भगत माता एवं अंकुश यादव भाई, निवासी नारायणपुर थाना नारायणपुर, जिला जशपुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की कार्यवाही एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक पुरनचंद पटेल, महिला आरक्षक अल्पना तिर्की, आरक्षक कुलदीप खलखो एवं अशोक कंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Updated on:
18 Feb 2026 02:42 pm
Published on:
18 Feb 2026 11:43 am
Also Read
View All

अगली खबर