
स्कॉर्पियो और बुलेट पर स्टंट करने वालों पर सख्ती (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Crime News: सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्टंटबाजी के वीडियो पर जशपुर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित युवकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के सारुडीह, किनकेल का है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व जशपुर के सारुडीह-किनकेल घाट चढक़र पठार में कुछ किशोर काले रंग की स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल पर खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए नजर आए थे। वायरल वीडियो में युवक स्कॉर्पियो की दोनो खिडक़ी से शरीर बाहर निकालकर और शराब की बोतल लहराते हुए लापरवाहीपूर्ण ढंग से स्टंट करते दिख रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टंट में शामिल काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक जेएच 01 एफसी 1960 तथा बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक जेएच 01 बीएन 4563 को खोज निकाला। जांच में पाया गया कि स्कॉर्पियो ग्राम सारुडीह निवासी अविनाश एक्का, उम्र 25 वर्ष की है, जो स्वयं वाहन चला रहा था। बुलेट मोटरसाइकिल बाधरकोना निवासी एक व्यक्ति की बताई गई है, जिसमें एक युवती स्टंट करती हुई दिखाई दी थी। बताया जा रहा है कि, जशपुर पुलिस ने स्टंटबाजी से जुड़े एक अन्य बिना नंबर की स्कॉर्पियो वाहन को भी चिन्हित किया है, जिसकी तलाश जारी है।
जशपुर पुलिस ने जिले के आम नागरिकों से अपील की है कि स्टंटबाजी से दूर रहें और यातायात नियमों का पालन करें तथा शराब के नशे में वाहन न चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जशपुर पुलिस ने पकड़े गए दोनो वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 एवं 66/192 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही स्टंट में शामिल युवकों एवं युवतियों के परिजनों को थाना बुलाकर समझाइश दी गई। पुलिस ने कहा कि इस प्रकार के खतरनाक स्टंट से स्वयं तथा अन्य लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। जीवन अमूल्य है, अत: ऐसे कृत्यों से बचना चाहिए।
Published on:
17 Feb 2026 12:03 pm
बड़ी खबरें
View Allजशपुर नगर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
