Jashpur Plane Crash: छत्तीसगढ़ के जशपुर से एक विमान हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक प्राइवेट विमान पहाड़ से टकरा गया, जिसके बाद धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।
Chhattisgarh Plane Crash: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। नारायणपुर क्षेत्र के पहाड़ी और जंगल से घिरे इलाके में एक निजी चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर तक आग की लपटें और धुएं का गुबार दिखाई दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र स्थित आरा पहाड़ के पास हुआ, जहां एक प्राइवेट चार्टर्ड विमान अचानक अनियंत्रित होकर रतनपहली जंगल क्षेत्र में पेड़ों से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विमान क्रैश होते ही उसमें आग लग गई और पूरे पहाड़ी इलाके में धुआं फैल गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले तेज आवाज सुनी, जिसके बाद आसमान में धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और राहत-बचाव दल मौके के लिए रवाना हुए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह भी तत्काल घटनास्थल के लिए निकल गए। प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल चारों ओर से पहाड़ी से घिरा हुआ है। वहां तक पहुंचने में रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कत हो रही है। हालांकि, अभी तक घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान जमीन से करीब 30 फीट की कम ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में पायलट और को-पायलट की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी क्षेत्र से उठती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है। यह दृश्य हादसे की भयावहता को बयां करता है।
जशपुर जिला प्रशासन का कहना है कि हादसे में कितने लोग सवार थे और कितने हताहत हुए हैं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इस दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है...