
Encounter in Jaunpur : जौनपुर में रविवार की सुबह मिले महिला के हाथ पैर कटे शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महज 14 घंटे के भीतर ही आरोपी युवक को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि महिला के शव को तीन टुकड़ों में काटा गया था और पैर को ठिकाने लगाते वक्त आरोपी संग पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयोग हुए चाकू, गड़ासा, पिस्तौल और महिला का कटा हुआ हाथ और पैर बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह पॉलिथीन में लपेट गए महिला के शव बरामद होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मड़ियाहू पुलिस ने बताया है कि महिला पकड़े गए आरोपों की प्रेमिका थी और आरोपी ने ही हाथ और पैर काटकर महिला के शव को काले रंग की पॉलीथिन में लपेटकर रानीपुर बाईपास के पास झाड़ियों में फेंक दिया था।
पुलिस ने बताया है कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली की घटना में शामिल आरोपी रामनगर ब्लॉक गेट की तरफ जा रहा है, जिसके बाद मौके पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान बाइक से आ रहे आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, जिसके बाद वह भागने लगा। वहीं, खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमल खाखरिया उर्फ दिलीप के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया है कि वह गुजरात के भावनगर का रहने वाला है और वर्तमान में मड़ियाहू के टीचर्स कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि 4 जुलाई को वह मृतका रेशमा खातून उर्फ सना को वाराणसी के बाबतपुर स्थित अपने किराए के कमरे में ले गया था। वहीं, मोबाइल में चैट देखने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद उसने गुस्से में सोते वक्त सना की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने सना के हाथ और पैर को अलग-अलग काट दिया और धड़ को रानीपुर बाईपास के पास स्थित झाड़ियों में फेंक दिया। वहीं पैर को ठिकाने लगाने के दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया है कि आरोपी को इस बात की जानकारी हो गई थी कि शव बरामद कर लिया गया है और मृतका की शिनाख्त कराई जा रही है, जिसके बाद उसने हाथ और पैर दोनों को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। इसी दौरान पुलिस के साथ आरोपी की मुठभेड़ हुई। पुलिस ने इस मामले में हत्या, साक्ष्य मिटाने, अवैध हथियार रखने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।