जौनपुर

जौनपुर में हिस्ट्रीशीटर की हत्या, पंचायत भवन के पास मिला गोली लगा शव, फोन आने के बाद निकला था घर से 

Jaunpur crime news: जौनपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंगलवार तड़के केराकत इलाके में हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल की गोली मारकर बदमाशों ने हत्या कर दी है...
2 min read
• •
Oct 13, 2026
Jaunpur Murder

Jaunpur Murder: जौनपुर केराकत के बलईपुर गांव में स्थानीय थाने के हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल (30) को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह घायल हो गया और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया है। वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फोन कॉल के बाद घर से निकला था युवक

परिजनों के मुताबिक, गुलाब पाल अपने पिता पतिराम पाल के साथ एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गया था। वहां से लौटने के बाद उसे किसी का फोन आया। कॉल आने पर उसने पिता से कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आ रहा है। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो रात करीब दो बजे परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सुबह करीब छह बजे परिजन जब पंचायत भवन के पास पहुंचे, तो गुलाब का खून से लथपथ शव मिला।

कई गंभीर मामलों में दर्ज थे मुकदमे

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर पांच थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक गुलाब पाल पर हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में 11 मुकदमे दर्ज थे। वह दो महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था। मई महीने में उसकी शादी तय थी और वह तीन भाइयों व दो बहनों में सबसे छोटा था। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, मृतक युवक स्थानीय थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ संगीन धाराओं में एक दर्जन मुकदमे दर्ज थे।

हिरासत में लिए गए संदिग्ध

पुलिस ने बताया है कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जहां से साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद परिजनों की तरफ से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया है कि इस मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मौके पर हालात को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल कानून और व्यवस्था नियंत्रण में है।

Updated on:
13 Oct 2026 10:28 am
Published on:
13 Oct 2026 08:37 am
Also Read
View All