जौनपुर

अनियंत्रित कार शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से टकराई, जौनपुर में 7 लोग हादसे में घायल, मूर्ति क्षतिग्रस्त

Car accident in jaunpur। 7 people injured in car accident: जौनपुर के केराकत तहसील क्षेत्र में सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सारायवीरू चौराहे पर स्थापित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से जा टकराई।
2 min read
Aug 03, 2026
Jaunpur news
Pc- Ajay Sonkar (X Post)

Road Accident in Jaunpur: जौनपुर के केराकत तहसील क्षेत्र में सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सारायवीरू चौराहे पर स्थापित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रतिमा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह दिल्ली नंबर प्लेट लगी एक अर्टिगा कार सारायवीरू चौराहे के पास पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार अनियंत्रित होने के बाद चौराहे पर स्थापित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और प्रतिमा भी टूट गई। दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह से घायल हो गए और मौके पर चीख पुकार मच गई। वहीं, घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

ये लोग हुए घायल

हादसे में घायल लोगों की पहचान देवकली गांव निवासी शिवम मिश्रा (24), आशुतोष पाठक (19), राधिका पाठक (73), सुभाष चंद्र पाठक (74), कौशल पाठक (42), सुधा पाठक (40) और मानवी पाठक (16) के रूप में हुई है। सभी एक ही वाहन में सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। फिलहाल सभी का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

क्या बोली पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया है कि कार का तेज रफ्तार में होना घटना की वजह मानी जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। वहीं, उनके परिजनों को भी इस बारे में जानकारी दे दी गई है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुए प्रतिमा को भी पुनः स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Updated on:
03 Aug 2026 11:18 am
Published on:
03 Aug 2026 11:18 am