जौनपुर

यूपी के जौनपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग कर युवक की हत्या

कार से वाराणसी की ओर जा रहा था युवक, बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
2 min read
Murder in jaunpur
जौनपुर में हत्या

जौनपुर. यूपी में अपराध की घटनायें रूकने का नाम नहीं ले रही है। योगी सरकार के तमाम दावों के बीच बेखौफ अपराधी खुलेआम अपराध की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार को बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गया।

घटना लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पीलीकोठी के पास की है। सोमवार की देर शाम हुई इस वारदात से लोग दहशत में आ गये। खबर लगते ही सक्रिय हुई पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं मिल पाया। मिली जानकारी के अनुसार सफेद रंग की कार में सवार युवक वाराणसी की ओर जा रहा था, जैसे ही वह पीलीकोठी के पास पहुंचा, बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसका रास्ता रोक लिया। जब तक युवक कुछ समझ पाता, तब तक उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली मारने के बाद बदमाश फरार हो गए।

यह भी पढ़ें:

आसपास के लोगों ने गोली चलने की आवाज़ सुनी तो मौके पर पहुंचे। वहां कार के भीतर लहूलुहान युवक को देखा तो उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। युवक के अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया लेकिन घायल युवक को बचाया नहीं जा सका।

यह भी पढ़ें:

सूचना पर एसपी सिटी अनिल पांडेय भी अस्पताल पहुंच गये। मृतक के पास मिले पहचान पत्र पर चंदवक थानांतर्गत मढ़ी गांव निवासी नवल किशोर अंकित है और अब पुलिस इसी आधार पर जांच कर रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसपी दिनेश पाल सिंह ने टीम गठित कर दी है।

BY- JAVED AHMED

Published on:
13 Aug 2018 09:10 pm