झालावाड़

Rajasthan: 2 साल की बच्ची को कुत्तों ने नोंच-नोंचकर मार डाला, घसीटते हुए 50M ले गए, शव को गोद में लेकर रोते रहे पिता

Dog Attack: राजस्थान के झालावाड़ जिले में आवारा कुत्तों के हमले की एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टेंट के बाहर सो रही 2 साल की मासूम बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसकी जान ले ली।
2 min read
Jhalawar dog Bite News
पिता की गोद में बच्ची का शव और बच्ची का फाइल फोटो: पत्रिका

Jhalawar Dog Bite Case: राजस्थान के झालावाड़ जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां आवारा कुत्तों के हमले में 2 साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। ये घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे भाटिया वर्कशॉप के पास हुई जब बच्ची अपने पिता के साथ टेंट के बाहर सो रही थी। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

बच्ची की फाइल फोटो: पत्रिका

टेंट के बाहर सो रही थी बच्ची

मृतक बच्ची की पहचान गोरी के रूप में हुई है। वह अपने पिता राजू लाल के साथ अस्थाई टेंट में रहती थी। पिता ने बताया कि सुबह 7–8 आवारा कुत्तों का झुंड आया और बच्ची को उठाकर लगभग 50 मीटर दूर घसीटकर ले गया। राजू लाल ने तुरंत कुत्तों का पीछा किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह नोंच डाला था। किसी तरह उन्होंने कुत्तों को भगाया और बच्ची को अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बारां निवासी है पिता

पिता राजू लाल जो मूल रूप से बारां जिले के भंवरगढ़ के रहने वाले हैं मजदूरी और ढोल बजाने का काम करते हैं। वह पिछले डेढ़ महीने से झालावाड़ में रहकर आजीविका कमा रहे थे। हादसे के बाद पिता शव को गोद में लेकर रोते रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके में 20 से अधिक आवारा कुत्ते झुंड में घूमते हैं, जिससे हमेशा डर का माहौल रहता है। इस दर्दनाक घटना के बाद लोगों में गुस्सा है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है। ये हाड़ौती क्षेत्र में 4 दिन में दूसरी घटना है। इससे पहले भी सुबह शौच करती बच्ची को आवारा कुत्तों ने नोंच-नोंचकर मार डाला था।

10 साल की बच्ची को आवारा कुत्तों ने नोंच-नोंचकर मार डाला

हाड़ोती के बूंदी जिले के एक गांव में 4 दिन पहले 10 वर्षीय रिंकू की आवारा श्वानों के हमले में मौत हो गई। बच्ची रोज की तरह सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी और शौच के लिए झोपड़ी से कुछ दूरी पर गई थी, तभी श्वानों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। उसे तुरंत तालेड़ा अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Updated on:
08 May 2026 12:26 pm
Published on:
08 May 2026 11:00 am