Indian Railway: हाड़ौती क्षेत्र के यात्रियों और महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। अब कोटा से उज्जैन के बीच मेमू ट्रेन संचालन का रास्ता साफ हो गया है, जिससे यात्रियों को सस्ती और सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।
Kota-Chaumahla MEMU Train Extended To Ujjain Junction: पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर की ओर से कोटा-चौमहला-कोटा मेमू ट्रेन को उज्जैन तक विस्तारित करने तथा कोटा-नागदा-कोटा मेमू को चौमहला तक सीमित करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि कोटा से उज्जैन के बीच लंबे समय से मेमू ट्रेन चलाने की मांग की जा रही थी। कोटा मंडल ने ट्रेन संख्या 61624/61623 को झालावाड के चौमहला से आगे उज्जैन तक बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव को पश्चिम रेलवे की ओर से संचालन संबंधी सहमति भी मिल चुकी है।
प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन संख्या 61624 कोटा-चौमहला मेमू का अब शीघ्र ही उज्जैन तक संचालन होगा। यह ट्रेन सुबह 5.45 बजे कोटा से रवाना होकर रामगंजमंडी सुबह 7 बजकर 6 मिनट पर पहुंचेगी तथा भवानीमंडी, शामगढ़, चौमहला, नागदा होते हुए दोपहर करीब 12 बजे उज्जैन पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 61623 उज्जैन-कोटा मेमू दोपहर 12.30 बजे उज्जैन से रवाना होकर शाम 4 बजकर 58 मिनट पर रामगंजमंडी तथा शाम 7 बजे कोटा पहुंचेगी।
इसके साथ ही ट्रेन संख्या 61616/61615 कोटा-नागदा-कोटा मेमू को नागदा के बजाय चौमहला तक सीमित करने का प्रस्ताव रखा गया है। वर्तमान में यह ट्रेन नागदा तक संचालित होती है लेकिन प्रस्ताव लागू होने के बाद यह केवल कोटा से चौमहला के बीच ही चलेगी।
प्रस्तावित बदलाव से कोटा, रामगंजमंडी, भवानीमंडी और अन्य स्टेशन के यात्रियों को उज्जैन के लिए सीधी और सस्ती रेल सुविधा उपलब्ध होगी। खासतौर पर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं के अलावा विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भी बड़ा फायदा मिलेगा।
रेल प्रशासन ने विशेष गाड़ी संख्या 09075/09076 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू कर दिया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 21907 (मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम) 27 मई से प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से 10.55 बजे प्रस्थान कर शामगढ़ रात 9.53 बजे, रामगंजमंडी जंक्शन 10.33 बजे, कोटा जंक्शन 11.40 बजे, सवाई माधोपुर जंक्शन 12.58 बजे, गंगापुर सिटी जंक्शन देर रात 1.40 बजे, भरतपुर जंक्शन सुबह 4.00 बजे होते हुए अगले दिन 1.50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 21908 (काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल) 28 मई से प्रत्येक गुरुवार को काठगोदाम से सुबह 5.30 बजे प्रस्थान कर भरतपुर जंक्शन 3.08 बजे, गंगापुर सिटी जंक्शन 4.25 बजे, सवाई माधोपुर जंक्शन 5.08 बजे, कोटा जंक्शन 6.20 बजे, रामगंजमंडी जंक्शन 7.18 बजे, शामगढ़ 7.53 बजे होते हुए उसी दिन 9 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।