
झालावाड़ में बीजेपी की प्रेम बाई निर्विरोध निर्वाचित (फोटो सोशल मीडिया)
Jhalawar Zila Parishad Election 2026: झालावाड़ जिला परिषद चुनाव में वार्ड-19 से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस प्रत्याशी प्रज्ञा गुर्जर का नामांकन पत्र निर्धारित आयु सीमा पूरी नहीं होने के कारण खारिज कर दिया गया। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान हुई इस कार्रवाई से कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को झटका लगा है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने के बाद बीजेपी प्रत्याशी प्रेमबाई के निर्विरोध निर्वाचित होने का रास्ता साफ हो गया है।
बता दें कि पंचायती राज चुनाव के तहत बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान निर्धारित पात्रता मानदंडों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर प्रज्ञा गुर्जर का नामांकन निरस्त कर दिया गया। इसके चलते वार्ड 19 में चुनावी मुकाबले की तस्वीर बदल गई। कांग्रेस ने इस वार्ड से प्रज्ञा को प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन आयु संबंधी पात्रता पूरी नहीं होने के कारण उनका नामांकन खारिज हो गया। नामांकन खारिज होने के बाद बीजेपी प्रत्याशी प्रेमबाई के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिकता नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।
झालावाड़ में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 में नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान जिला परिषद सदस्य पद के 46 और प्रथम चरण में पंचायत समिति सदस्य पद के 112 नामांकन निरस्त कर दिए गए। वहीं, द्वितीय चरण के चुनाव के लिए बुधवार को पंचायत समिति सदस्य पद पर 26 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि बुधवार को जिला परिषद और प्रथम चरण की पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई। जांच के दौरान जिला परिषद सदस्य पद के 46 नामांकन विभिन्न कारणों से निरस्त किए गए। वहीं, प्रथम चरण के तहत पंचायत समिति सदस्य पद के 112 नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए।
प्रथम चरण के तहत पंचायत समिति सदस्य पद के नामांकन पत्रों की संवीक्षा में डग पंचायत समिति में सर्वाधिक 65 नामांकन निरस्त किए गए। इसके अलावा भवानीमंडी में 38, मनोहरथाना में 5 और अकेलरा में 4 नामांकन पत्र निरस्त हुए।
द्वितीय चरण के चुनाव के लिए बुधवार को पंचायत समिति सदस्य पद पर कुल 26 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें खानपुर पंचायत समिति में 16, पिड़ावा में 8 तथा बकानी और झालरापाटन में एक-एक नामांकन पत्र दाखिल हुआ। द्वितीय चरण के तहत नामांकन प्रक्रिया जारी है।
Updated on:
14 Oct 2026 09:49 pm
Published on:
14 Oct 2026 09:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
