
ASI Sunil Kumar Tyagi Death: अकलेरा (झालावाड़): झालावाड़ में भवानीमंडी क्षेत्र के करावन गांव के पास बाइक असंतुलित होकर गिरने से अकलेरा थाने में तैनात एएसआई सुनील कुमार त्यागी की मौत हो गई। वे सरकारी काम से मुलजिम की तलाश में पगारिया थाना क्षेत्र जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी धर्माराम चौधरी ने बताया कि सुनील कुमार त्यागी सरकारी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान करावन के पास उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
चुनाव से पहले सुनील कुमार त्यागी का भालता थाने से अकलेरा थाने में स्थानांतरण हुआ था। करीब छह महीने पहले ही वे हेड कांस्टेबल से पदोन्नत होकर एएसआई बने थे। उनके बेटे शुभम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पिता सोमवार को सरकारी काम से निकले थे।
सुनील त्यागी झालावाड़ जिले के रोटरी क्लब गांव के रहने वाले थे। वे अपने परिवार के साथ झालावाड़ के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में रहते थे। बेटे शुभम ने बताया कि उनके पिता दीपावली पर घर आए थे। इसके अगले दिन वे ड्यूटी पर अकलेरा लौट गए थे। परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। बेटा रामगंजमंडी में एक निजी कंपनी में काम करता है, जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
सुनील कुमार त्यागी को चुनाव से पहले भालता थाने से अकलेरा थाने में लगाया गया था। करीब छह महीने पहले ही उन्हें हेड कांस्टेबल से पदोन्नत कर एएसआई बनाया गया था। एएसआई सुनील कुमार त्यागी के निधन की सूचना मिलते ही अकलेरा पुलिस थाने में शोक की लहर छा गई। पुलिसकर्मियों और परिचितों ने उनके निधन पर दुख जताया। उनका अंतिम संस्कार दोपहर 3 बजे झालावाड़ में किया गया।