झालावाड़

Jhalawar: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो का छापा, थाली में सुखाकर रखी 3 किलो 641 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त

झालावाड़ के मिश्रोली थाना क्षेत्र में सीबीएन की कोटा-भवानीमंडी टीम ने छापेमारी कर 3.641 किलो एमडी ड्रग्स और 7.060 किलो संदिग्ध पाउडर बरामद किया। मकान मालिक फरार है और मामले की जांच जारी है।

2 min read
MD drugs seizure Rajasthan
सीबीएन ने कार्रवाई में बरामद की एमडी ड्रग्स फोटो। पत्रिका

झालावाड़। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की कोटा व भवानीमंडी सेल की संयुक्त टीम ने सोमवार को मिश्रोली थाना क्षेत्र के गुराड़िया जोगा गांव में एक मकान पर छापेमार कार्रवाई कर 3 किलो 641 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा 7 किलो 60 ग्राम संदिग्ध पाउडर बरामद किया है। मकान मालिक सीताराम पाटीदार मौके से फरार हो गया। सीताराम के घर में एमडी ड्रग्स सुखाई जा रही थी। एमडी ड्रग्स और बरामद सामग्री को मौके पर ही जब्ती प्रक्रिया पूरी कर सुरक्षित कब्जे में लिया गया।

मकान में एमडी ड्रग्स छिपाकर रखता

सीबीएन अधीक्षक अमर सिंह ने बताया कि गुराड़िया जोगा निवासी एक व्यक्ति द्वारा अपने मकान में बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स छिपाकर रखने और तस्करी की गतिविधियों में लिप्त होने की सूचना मिली थी। अधिकारियों ने सूचना की प्रारंभिक पुष्टि के बाद कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर टीम को मौके पर रवाना किया गया। इसके बाद सीबीएन कोटा एवं भवानीमंडी सेल की संयुक्त टीम का गठन कर मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मकान बंद मिला।

इसके बाद नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मकान की तलाशी ली गई। तलाशी में मकान के भीतर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई 3.641 किलो एमडी ड्रग्स तथा 7.060 किलो संदिग्ध पाउडर बरामद हुआ। हालांकि मकान मालिक सीताराम पाटीदार पुत्र रतनलाल मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

मादक पदार्थ जब्त

सीबीएन अधिकारियों के अनुसार मौके पर एक कमरे में थाली में सुखाने के लिए रखी गई एमडी ड्रग्स भी मिली है। इससे प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आरोपी न केवल तस्करी बल्कि एमडी ड्रग्स बनाने के लिए फैक्ट्री भी संचालित करता है। बरामद मादक पदार्थों को जब्त कर लिया गया है। संदिग्ध पाउडर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सीबीएन अब इस मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों तथा पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आ सकते हैं। फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Published on:
03 Jun 2026 05:00 pm