झालावाड़

राजस्थान: ‘पुलिस’ की शादी…तस्कर बने बाराती, जमकर लगाए ठुमके, उड़ाए नोट

झालावाड़ जिले के भालता थाने में कार्यरत एक सिपाही को अपनी शादी में मादक पदार्थ तस्करों को बुलाना भारी पड़ गया। तस्करों के साथ फोटो व वीडियो वायरल होने के बाद सिपाही को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा।
less than 1 minute read
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

झालावाड़। जिले में पुलिस और अपराधियों की सांठगांठ एक बार फिर उजागर हुई है। मादक पदार्थ तस्करों और हिस्ट्रीशीटरों ने सिपाही की बारात में शामिल हुए, जमकर नोट उड़ाए और जश्न मनाया। वीडियो-फोटो सामने आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया और कार्रवाई करते हुए सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि भालता थाने में तैनात सिपाही अशोक विश्नोई मूलतः नागौर का रहने वाला है। गत एक और दो फरवरी को नागौर में उसकी शादी के कार्यक्रम थे। जिनमें झालावाड़ और मध्यप्रदेश के कई मादक पदार्थ तस्कर व अपराधी शामिल हुए। इनमें झालावाड़ का पप्पू तंवर उर्फ टोल, दुर्गालाल उर्फ दुर्गाशंकर तंवर, रमेश तंवर, रामगोपाल तंवर, रामबाबू, अतीक मोहम्मद, मांगीलाल भील और चैन सिंह तंवर शामिल हैं।

वर्ष 2015 में हुआ था भर्ती

एसपी ने बताया कि अशोक की बारात में इन अपराधियों ने डांस किया और संगीत कार्यक्रम के दौरान डांसर पर जमकर नोट बरसाए। फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पिड़ावा पुलिस उप अधीक्षक से जांच करवाई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद शनिवार को सिपाही अशोक विश्नोई को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। अशोक वर्ष 2015 में सिपाही भर्ती हुआ था।

कई गंभीर प्रकरण दर्ज

पुलिस के अनुसार पप्पू तंवर के खिलाफ 6, रामबाबू और अतीक के खिलाफ 5-5, मांगीलाल के खिलाफ 4, रमेश के खिलाफ 2 तथा अन्य के खिलाफ एक-एक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

Updated on:
15 Feb 2026 02:01 pm
Published on:
14 Feb 2026 07:25 pm