झालावाड़

झालावाड़: नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, चार महीने पहले हुई थी शादी

झालावाड़ जिले के बकानी थाना क्षेत्र के दात्या गांव की एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाह के महज चार महीने बाद हुई इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

2 min read
फोटो पत्रिका नेटवर्क

झालावाड़ जिले के बकानी थाना क्षेत्र के दात्या गांव की एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाह के महज चार महीने बाद हुई इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

ये भी पढ़ें

Kota News : देवरानी ने रची साजिश: परिचित से मिलकर जेठानी के घर करवाई लाखों की चोरी, ऐसे हुआ खुलासा

दहेज की मांग को लेकर कर रहे थे परेशान

जानकारी के अनुसार दात्या निवासी केवल चंद शर्मा की बेटी निशा उर्फ राधा का विवाह 22 नवंबर 2025 को मध्य प्रदेश के ब्यावरा निवासी सुनील कुमार के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति सुनील और उसके परिजन दहेज की मांग को लेकर निशा को लगातार परेशान कर रहे थे। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ, लेकिन मामला सुलझाने का प्रयास किया जाता रहा।

20 मार्च को भेजा गया था ससुराल

बताया गया कि 20 मार्च को अष्टमी पूजन के लिए निशा को ससुराल भेजा गया था। निशा के भाई मनीष के अनुसार, बहन को ससुराल गए महज चार दिन ही हुए थे कि मंगलवार रात ससुराल पक्ष की ओर से फोन आया और कहा गया कि सुबह घर आना, पैसों को लेकर बात करनी है। हालांकि, उस समय परिजनों को पूरी स्थिति के बारे में नहीं बताया गया।

गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार

बुधवार सुबह अचानक सूचना मिली कि निशा ने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया है। यह खबर मिलते ही परिजन तुरंत मध्य प्रदेश के ब्यावरा के लिए रवाना हुए, लेकिन जब तक वे वहां पहुंचे, तब तक निशा की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को दात्या गांव लाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

पीहर पक्ष ने की सख्त कार्रवाई की मांग

पीहर पक्ष ने इस मामले में ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: दोस्त की जगह दी लेक्चरर ने दी परीक्षा, 20 दिन जेल में रहा, अब शिक्षा विभाग ने लिया बड़ा एक्शन

Published on:
27 Mar 2026 02:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर