
Jhalawar Aklera Road Accident: अकलेरा (झालावाड़): झालावाड़ जिले में से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे-52 पर आमेठा गांव के पास सोमवार शाम करीब 7 बजे मिनी ट्रक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय भगवान भील की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल जा रहा था। हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक अपने पीछे पत्नी, मां और दो साल की मासूम बेटी को छोड़ गया है।
पुलिस के मुताबिक, भगवान भील पुत्र बालमुकुंद निवासी पाटलियाकुल्मी, थाना रटलाई क्षेत्र का रहने वाला था। वह मोटरसाइकिल से अकलेरा के पास नरसिंहपुरा गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान आमेठा गांव के पास सामने से आ रहे मिनी ट्रक से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि भगवान को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अकलेरा सैटेलाइट अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव के राकेश कुमार भील ने बताया कि भगवान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता की करीब छह साल पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वह परिवार का इकलौता बेटा था और घर में कमाने वाला भी वही एकमात्र सदस्य था।
परिवार में उसकी मां, पत्नी और करीब दो साल की मासूम बेटी है। तीनों की जिम्मेदारी भगवान के कंधों पर थी। मजदूरी से होने वाली कमाई से ही घर का खर्च चलता था। वह पत्नी को लेने के लिए ससुराल निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। अब परिवार के सामने रोजी-रोटी और भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।